हरियाणा में तीन आईएएस, आठ एचसीएस जिला पालिका आयुक्त नियुक्त

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य की सभी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में विकास कायों को गति प्रदान करने हेतु सृजित जिला पालिका आयुक्त पदों पर तीन आईएएस और आठ एचसीएस अधिकारियों की नियुक्ति की है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुये बताया कि तीन आईएएस जय कृष्ण अभीर को महेंद्रगढ़ जिला पालिका आयुक्त(डीएमसी), हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक संगीता तेतरवाल को सिरसा डीएमसी. स्मार्ट सिटी फरीदाबाद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और फरीदाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोनिका गुप्ता को पलवल का डीएमसी नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार एचसीएस अधिकारियों में उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) और नोडल अधिकारी, (शिकायतें) दिनेश सिंह यादव को रेवाड़ी डीएमसी, महेंद्रगढ़ के अतिरिक्त उपायुक्त और आरटीए सचिव मुनीश नागपाल को नूंह डीएमसी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक(प्रशासन) और विशेष सचिव कुलबीर सिंह को कैथल डीएमसी, गुरुग्राम महानगरीय विकास प्राधिकरण की संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशिमा सांगवान को झज्जर डीएमसी, स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) अमृता सिंह को भिवानी डीएमसी, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त संवर्तक सिंह खंगवाल को फतेहाबाद डीएमसी, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड करनाल के क्षेत्रीय प्रशासक डॉ सुशील कुमार को जींद डीएमसी, करनाल के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) नरेंद्र पाल मलिक को कुरुक्षेत्र का डीएमसी नियुक्त किया गया है।

इन डीएमसी को अनेक कई शक्तियां दी गई है, जो वर्तमान में नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में जिला उपायुक्तों और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को दी जा रही हैं। राज्य के शेष 10 जिलों में नगर निगम आयुक्त अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा डीएमसी के रूप में कार्य करेंगे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।