राहुल गांधी का हरियाणा दौरा आज से

Rahul Gandhi
उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को गांधी की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने निचली अदालत के फैसले पर रोक लगाने की मांग की थी।

खिलाफत। केन्द्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष के तेवर तीखे

 पंजाब से धर्मनगरी पहुंचेंगे, तैयारियों में जुटे कांग्रेसी

सच कहूँ, देवीलाल बारना कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज से हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राहुल गांधी पंजाब से कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा से सटे गांव टयूकर में खेती बचाओ यात्रा के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रवेश करेंगे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाएगा। वहां से ट्रैक्टरों के काफिले के साथ राहुल गांधी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर पिहोवा की अनाज मंडी में पहुचेंगे, जहां पर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों के साथ राहुल गांधी का सीधा संवाद होगा। उसके बाद राहुल गांधी कार में सवार होकर कुरुक्षेत्र की ओर रवाना होंगे

जहां रास्ते में गीता की जन्म स्थली ज्योतिसर में उनका थानेसर विधानसभा क्षेत्र की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। राहुल गांधी कार से सायं लगभग 5 बजे थानेसर अनाज मंडी में पहुंचेगे और वहां किसानों, मजदूरों व आढ़तियों के साथ संवाद करेंगे। उनका रात्रि विश्राम कुरुक्षेत्र के जीटी रोड़ स्थित वेटा होटल में रहेगा। इस होटल में ही कुमारी सैलजा और विवेक बंसल सहित अनेक कांग्रेसी नेता ठहरे हुए हैं। उत्तरी चौंक पर स्थित यह तीन सितारा होटल अशोक अरोड़ा के दामाद अभिषेक छाबड़ा का है। 7 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे राहुल गांधी पिपली की अनाज मंड़ी में किसानों से संवाद करेंगे और फिर वहां से ट्रेक्टर पर सवार होकर ट्रैक्टरों के काफिले के साथ करनाल की ओर रवाना होंगे। करनाल में जाकर उनकी खेती बचाओ यात्रा का समापन होगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कुरुक्षेत्र में डाला डेरा

राहुल गांधी की हरियाणा में दो दिवसीय खेती बचाओ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा रविवार से ही कुरुक्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। इसी के साथ शैलजा ने गीता की जन्म स्थली ज्योतिसर व पंजाब बोर्डर से लगते टयूकर गांव में भी दौरा किया।

हरियाणा कांग्रेस के मीडिया विभाग को नहीं दौरे की पूरी जानकारी

ऐसा लगता है कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग को राहुल गांधी की दो दिवसीय हरियाणा यात्रा के कार्यक्रम की आधी-अधूरी ही जानकारी है। 4 अक्तूबर को प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि राहुल गांधी 7 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे कैथल जिला के गुहला चीका स्थित पंजाब बोर्डर से हरियाणा में प्रवेश करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा यह प्रेस विज्ञप्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी शैलजा द्वारा कुरुक्षेत्र में अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल व पानीपत के विधायकों, पूर्व विधायकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की कुरुक्षेत्र में आयोजित राहुल गांधी की यात्रा की तैयारियों के लिए बुलाई गई बैठक के संदर्भ में जारी किया गया था। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस ने जो राहुल गांधी का हरियाणा दौरा फाईनल किया, उसके अनुसार राहुल गांधी की यात्रा 6 अक्तूबर को दोपहर लगभग 2 बजे कुरुक्षेत्र जिला के टयूकर से हरियाणा की सीमा में प्रवेश करेगी। जबकि प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग ने हरियाणा में प्रवेश करने वाली यात्रा की तारीख 7 अक्तूबर प्रात: 10 बजे गुहला चीका के बार्डर से बताई है। इस प्रकार ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश कांग्रेस का मीडिया विभाग आधी-अधूरी सूचना एकत्रित कर सूचना जारी करने में लगा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।