नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से महाराष्ट्र में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मतदाताओं की विस्तारपूर्ण सूची मांगी है और कहा है कि यदि सूची उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो इस मुद्दे को न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। गांधी ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महाराष्ट्र मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है इसलिए कांग्रेस तथा राज्य के तीनों प्रमुख विपक्षी दलों को महाराष्ट्र चुनाव से जुड़ी मतदाताओं की वह एकीकृत और फाइनल सूची मांगी है, जिसपर लोक सभा और विधानसभा में मतदान हुआ है। चुनाव आयोग यह सूची तुरंत दे सकता है, पर नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह सूची उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो इस मामले को न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। Rahul Gandhi
गांधी ने कहा, ‘पांच साल में जितने मतदाता महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट में जोड़े गए, उससे ज्यादा मतदाता सिर्फ पांच महीने में जोड़ दिए गए हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 से लेकर लोकसभा चुनाव 2024 के बीच महाराष्ट्र में 32 लाख मतदाता जोड़े गए। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के पांच महीने के बीच 39 लाख नये मतदाता जोड़ दिए गए। सवाल है- जोड़े गए ये मतदाता कौन हैं और कहां से आए।
उन्होंने कहा ‘महाराष्ट्र की व्यस्क जनसंख्या 9.54 करोड़ है, लेकिन चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में 9.70 करोड़ मतदाता हैं। मतलब चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं। एक उदाहरण- कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में कामठी निर्वाचन क्षेत्र में 1.36 लाख वोट मिले, ये चुनाव कांग्रेस जीत गई। इसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले यहां 35 हजार नए वोटर जोड़े गए। ये सारे वोटर भाजपा के खाते में चले गए और भाजपा चुनाव जीत गई। महाराष्ट्र में ऐसे अनेक उदाहरण हैं। v
कांग्रेस नेता ने कहा ‘महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ है, भाजपा का वोट ज्यादा हुआ है। जहां भाजपा का स्ट्राइक रेट 90 प्रतिशत रही है। इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। हम चुनाव आयोग से महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट मांग रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग हमें ये लिस्ट नहीं दे रहा है। चुनाव में पारदर्शिता लाना आयोग का काम है। महाराष्ट्र की विपक्षी पार्टियां चुनाव आयोग से सार्वजनिक तौर पर सवाल पूछ रही हैं, लेकिन फिर भी हमें लिस्ट नहीं सौंपी जा रही है। आयोग जल्द से जल्द महाराष्ट्र की मतदता सूची हमें सौंप दे। इस सूची में हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं के जितने लोग जोड़े गए हैं। जहां ये नए मतदाता जोड़े गए हैं, वहां भाजपा का वोट बढ़ा है। चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं।
उन्होंने कहा, ‘मतदाताओं की सूची लगातार बदली जा रही है और कोई भी इसे बदल सकता है। सूची में बदलावा की स्थिति देखकर लगाता है कि चुनाव आयोग का सूची पर नियंत्रण नहीं रहा और उसने सूची में हेरफेर किया है। अब, यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि जो कुछ हुआ है उस पर सफाई दे। आयोग को हमें डेटा देने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए आयोग अभी हमें सूची दें। यदि आप ऐसा नहीं करते हैं तो यह हमारे लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़ा करेगा और इसका मतलब है कि हम संविधान को ध्वस्त करने की ओर बढ़ रहे हैं। लेकिन हम नहीं रुकेंगे. हम संविधान के लिए लड़ना जारी रखेंगे क्योंकि यह हमारा काम है और बाबासाहेब अम्बेडकर हमारी प्रेरणा हैं। Rahul Gandhi
यह भी पढ़ें:– यमुनानगर में खुलेआम चलता है ओवरलोड व बिना नंबर के वाहनों का काफिला, आरटीए स्टाफ को छोड़ सबको दिखता है नियमों का हो रहा उल्लंघन