Dikshant Samaroh: दीक्षांत समारोह केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि नई यात्रा की शुरूआत भी: मुर्मू

Bathinda News
Bathinda News: विद्यार्थियों को डिग्रियां सौंपते राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू व अन्य गणमान्यजन।

पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्र्मू

  • राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय छात्रों को 1,031 पीजी डिग्रियां व 60 पीएचडी डिग्रियां सौंपी

बठिंडा (सच कहूँ/सुखजीत मान)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा के दशम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने 1,091 पीजी और पीएचडी उपाधियां और 43 स्वर्ण पदक उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रदान किए तथा पाँच प्रतिष्ठित व्यक्तियों को मानद उपाधियाँ (डी.लिट.) सम्मानस्वरूप दी गई। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस दीक्षांत समारोह में गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों, छात्रों और उनके गौरवान्वित अभिभावकों की उपस्थिति रही। Bathinda News

समारोह की शुरूआत में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. जगबीर सिंह और कुलपति प्रो. राघवेन्द्र पी. तिवारी ने राष्ट्रपति एवं दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि द्रौपदी मुर्मू और पंजाब के राज्यपाल एवं विशिष्ट अतिथि गुलाब चंद कटारिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और स्वर्ण पदक विजेताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरूआत भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी छात्र अपने आचरण और योगदान के माध्यम से विश्वविद्यालय, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करेंगे। Bathinda News

राष्ट्रपति ने छात्रों को जीवन में जिज्ञासा, मौलिकता, नैतिकता, दूरदर्शिता और सहजता को अपनाने के लिए प्रेरित किया। मौलिकता का एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए, उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रो. राज कुमार की उपलब्धि को उजागर किया, जिन्हें कैंसर अनुसंधान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित विजिटर कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रतिष्ठित विजिटर अवार्ड प्रदान किया गया। राष्ट्रपति ने कहा कि श्री दमदमा साहिब (गुरु की काशी) के निकट स्थित सीयू पंजाब के छात्रों को बठिंडा में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

वहीं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने स्नातकों को बधाई दी और सीयू पंजाब में पीजी और पीएचडी डिग्री प्राप्त करने में महिला छात्रों की समान भागीदारी पर प्रकाश डाला। कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में हुई प्रगति को रेखांकित किया।

मानद उपाधियां व सांस्कृतिक विरासत | Bathinda News

दीक्षांत समारोह के दौरान, सीयू पंजाब ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को 1,031 पीजी डिग्रियां व 60 पीएचडी डिग्रियां प्रदान कीं, साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को 43 स्वर्ण पदक दिए गए। इसके अतिरिक्त निम्नलिखित 5 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को मानद उपाधियां (डी.लिट.) प्रदान की गई। इनमें से तीन उपाधियां व्यक्तिश: प्रदान की गईं, एक अनुपस्थिति में दी गई, और एक मरणोपरांत प्रदान की गई। मानद उपाधि तथा पीएचडी डिग्रियां प्रदान करने का समारोह राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद आयोजित किया गया। मानद उपाधि प्राप्तकतार्ओं के नाम इस प्रकार हैं:

  • पद्म भूषण प्रो. सरदारा सिंह जौहल – प्रख्यात कृषि अर्थशास्त्री
  • पद्म भूषण श्री अनुपम खेर – प्रसिद्ध अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता और भारतीय संस्कृति के राजदूत
  • श्री फुंचोक स्टोबदन – प्रसिद्ध बौद्ध विद्वान
  • प्रो. करम तेज सिंह सराओ – प्रसिद्ध शिक्षाविद्, जिन्होंने भारतीय शिक्षा प्रणाली, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान दिया
  • पद्म भूषण आचार्य (डॉ.) बिबेक देबरॉय (मानद उपावि, मरणोपरांत) – प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष

यह भी पढ़ें:– Agniveer Recruitment 2025: अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 मार्च से

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here