कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम

Pre Monsoon, Rains, Brought, Relief, Heat, Summer, Water Logging

राहत। प्री-मानसून की बरसात ने गर्मी से दिलाई राहत, प्रदेशभर में मौसम हुआ खुशगवार

  • यमुनानगर में 38.66 एमएम सबसे ज्यादा बरसात
  • एक साथ 15 डिग्री तक लुढ़का तापमान
  • पश्चिमी हरियाणा में आंधी में उखड़े पेड़ व खंभे

सरसा(सच कहूँ न्यूज)। भीषण गर्मी से तप रहे हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, सरसा, फतेहाबाद, हिसार, कुरुक्षेत्र व पानीपत सहित विभिन्न जिलों को बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने राहत की साँस दिलाई। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

वहीं कई जगहों पर जलभराव भी हुआ। यमुनानगर में सर्वाधिक औसतन 38.66 एमएम बारिश हुई, जिनमें जगाधरी में 59, छछरौली 48, बिलासपुर में 45, सढ़ौरा में 34 और रादौर में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। हिसार में जहां पारा 47 तक जा पहुंच गया था, वह गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भिवानी में हल्की फुंहारों के साथ अधिकतम तापमान 45 से गिरकर 38 डिग्री पहुंच गया। सोनीपत के गन्नौर में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई। जीन्द शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई जबकि जिले के निडाणी गाँव में 3 से 4 एमएम वर्षा दर्ज की गई। वहीं रेवाड़ी, झज्जर और पलवल में लोगों को मायूसी झेलनी पड़ी, लेकिन मौसम सुहावना रहा।

किस जिले में कितनी बारिश

  • यमुनानगर    –      38.66
  • डबवाली       –      20
  • कुरुक्षेत्र         –      18
  • फतेहाबाद    –       11
  • सरसा           –       9
  • कैथल           –       6 से 8
  • हिसार           –       4.4

तेज अंधड़ व रिमझिम के साथ हुई भोर

राज्य में पिछले कई दिनों से गर्मी चरम पर पहुंच गई थी और कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। इससे लोग परेशान थे और उनका घरों से बाहर निकलन मुश्किल हो गया था। बुधवार तड़के कई स्थानों पर तेज हवा और आंधी चली और इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान एकदम गिर गया और मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के कारण शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानी हुई। पंचकूला और फतेहाबाद में भी जमकर बारिश हुई।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।