बुजुर्ग महिला को पुलिस ने दिलाया अपने घर में प्रवेश

Hanumangarh News
बुजुर्ग महिला को पुलिस ने दिलाया अपने घर में प्रवेश

मकान पर कब्जा कर बैठे व्यक्ति व अन्य को किया पाबंद

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने अम्बेडकर कॉलोनी के एक मकान पर कब्जा कर बैठे लोगों को वहां से हटाकर उसकी मालकिन बुजुर्ग महिला को अपने घर में प्रवेश दिलवाया। इससे पहले मंगलवार को बुजुर्ग महिला अपने परिजनों के साथ शिकायत लेकर टाउन पुलिस थाना पहुंची और थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां को लिखित शिकायत की। इस पर थाना प्रभारी कस्वां ने एक्शन लेते हुए जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर महिला को उसके घर में प्रवेश दिलाते हुए अवैध रूप से मकान कब्जाने की नियत रखने वालों को वहां से हटाकर पाबंद किया। Hanumangarh News

जानकारी के अनुसार विधवा उषा रानी पत्नी इमीलाल स्वामी निवासी वार्ड 16, टाउन ने बताया कि वार्ड 16, अम्बेडकर कॉलोनी, टाउन में उसका मकान नम्बर 49 है। यह मकान उसके पति इमीलाल स्वामी के नाम से है। इस मकान में वह 20-22 वर्षों से रिहायश कर रही है। वह व उसके साथ रह रही बेटी सीतू कार्य करने के लिए बाहर गई थीं। जून माह के अंत में वे दोनों वापस आईं तो देखा कि उसके घर के ताले टूटे हुए थे और सामान गायब था। मकान में एक महिला व 4-5 अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे। इन्होंने ही उसके मकान के ताले तोड़ सामान चोरी कर लिया। इन लोगों ने उसे व उसकी बेटी को जबरदस्ती घर से बाहर निकाल दिया।

उषा रानी ने बताया कि उसके पास रहने के लिए यही मकान है। वह व उसकी पुत्री सडक़ पर आ गए हैं। उनके रहन-बसर करने के लिए अन्य कोई स्थान नहीं है। उषा रानी ने थाना प्रभारी से मकान पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि वे बुधवार सुबह टीम के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सूचना मिली कि वार्ड 16, अम्बेडकर कॉलोनी में दो पक्ष एकत्रित हैं। विवाद बढऩे की आशंका है। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो उषा रानी व मोहल्ले के अन्य नागरिक वहां एकत्रित थे।

वहीं मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि यह मकान उसने खरीदा है। उसके साथ एक महिला व कुछ अन्य जने भी थे। थाना प्रभारी के अनुसार आस-पड़ोस के लोगों ने जानकारी दी कि यह मकान बुजुर्ग महिला उषा रानी का ही है। इस पर उक्त मकान खरीदने वाले व्यक्ति से समझाइश की गई कि उसने जिससे यह मकान खरीदा है, उस शख्स से बातचीत करे। समझाइश व पाबंद करने पर उक्त व्यक्ति व उसके साथ के लोग वहां से चले गए। पुलिस ने बुजुर्ग महिला को उसके घर में प्रवेश दिलाया। इस पर उन्होंने पुलिस का आभार जताया। Hanumangarh News

Rajasthan BSTC Pre DElEd Result 2024 Out : राजस्थान बीएसटीसी प्री डीएलएड रिजल्ट जारी, यहां करें चेक