हिसार : इस बार भी नहीं बदल पाएगा 67 साल पुराना इतिहास?

lok sabha election

सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड जयप्रकाश के नाम लेकिन हर बार अलग दल से

सच कहूँ/संदीप कम्बोज
हांसी। हिसार लोकसभा सीट हरियाणा की एकमात्र ऐसी लोकसभा सीट है जहां आज तक कोई भी नेता एक ही पार्टी में रहते हुए दूसरी बार (lok sabha election) लोकसभा चुनाव जीत पाया हो। आजादी से लेकर अब तक 67 साल के इतिहास में इस सीट पर सबसे ज्यादा बार जीत का सेहरा बांधने का रिकॉर्ड अगर किसी के नाम है तो वो हंै पूर्व सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी। जयप्रकाश इस सीट पर तीन बार लोकसभा चुनाव जीते लेकिन तीनों ही बार अलग-अलग पार्टियों से। जयप्रकाश पहली बार वर्ष 1989 में जनता दल के निशान पर चुनाव जीतकर हिसार के सांसद चुने गए थे।

तत्पश्चात वर्ष 1996 में दूसरी बार पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के राजनीतिक दल हरियाणा विकास पार्टी से सांसद चुने गए और तीसरी बार वर्ष 2004 में जब वे विजयी होकर लोकसभा पहुंचे तो उस समय वे कांग्रेस के हाथ के साथ थे। इसके अलावा सांसद मनीराम व सुरेंद्र बरवाला पर भी हिसार की जनता ने दो-दो बार भरोसा कर उन्हें विजयी भव का आर्शीवाद देते हुए लोकसभा पहुंचाया लेकिन ये दोनों नेता भी दोनों ही बार अलग-अलग पार्टियों से चुनाव मैदान में थे। मनीराम बागड़ी वर्ष 1962 में जब पहली बार सांसद चुने गए तो उस समय वे समयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से चुनाव मैदान में थे। दूसरी बार वर्ष 1980 में जब वे सांसद चुने गए तो उस समय जनता पार्टी(सेकुलर) के उम्मीदवार थे। इसी तरह पूर्व सांसद सुरेंद्र बरवाला भी यहां से लगातार दो बार चुनाव जीते। वर्ष 1998 में जब वे पहली बार चुनाव जीते तो उस समय हरियाणा लोकदल पार्टी में थे तो दूसरी बार 1999 की चुनावी जंग में वे इनेलो से सांसद चुने गए।

2019 में इसलिए नहीं टूटेगा ये रिकॉर्ड

अब देखना यह है कि वर्ष 2019 में हिसार की 17वीं चुनावी जंग में क्या 67 साल पुराना यह रिकॉर्ड टूटता भी है या नहीं? इसका जवाब भी संभवत: नहीं ही है क्योंकि 2019 की हिसार की जंग में अब तक जिन चेहरों के नाम उभरकर सामने आ रहे हैं, उनमें कुछ नए तो कुछ पुराने चेहरे हैं। नए चेहरों में अशोक मंगालीवाला, रणबीर गंगवा, प्रोफेसर छत्रपाल तो वहीं पुराने चेहरों में कुलदीप बिश्नाई व दुष्यंत चौटाला का नाम है।

कुलदीप बिश्नोई पहले साल 2011 में अपनी खुद की पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस(हजकां) से सांसद चुने गए थे तो अब 2019 में वे कांग्रेस उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं मौजूदा सांसद दुष्यंत चौटाला पिछले चुनाव साल 2014 में इनेलो से सांसद चुने गए थे लेकिन इस बार वे अपने स्वंय के दल जननायक जनता पार्टी(जेजेपी)की तरफ से चुनाव मैदान में होंगे। तो इस सीट पर एक ही दल में रहते हुए किसी नेता के दोबारा सांसद बनने का रिकॉर्ड फिलहाल नहीं टूटने वाला है।

हिसार लोकसभा : कब-कौन रहा सांसद (1952-2019)

वर्ष                सांसद                          पार्टी
1952-57     लाला अंचित राम         कांग्रेस
1957-62     पं. ठाकुरदास भर्गव      कांग्रेस
1962-67     मनीराम बागड़ी            समयुक्त सोशलिस्ट पार्टी
1967-71     रामकृष्ण गुप्ता              कांग्रेस
1971-77      मनीराम गोदारा           कांग्रेस
1977-80      इंदरसिंह श्योकंद        जनता पार्टी
1980-84      मनीराम बागड़ी         जनता पार्टी (सेकुलर)
1984-89      चौ. बिरेंद्र सिंह            कांग्रेस
1989-91       जयप्रकाश                  जनता दल
1991-96       नारायण सिंह             कांग्रेस
1996-98      जयप्रकाश                  हविपा
1998-99      सुरेंद्र बरवाला             हरियाणा लोकदल
1999-2004  सुरेंद्र बरवाला             इनेलो
2004-09      जयप्रकाश                  कांग्रेस
209-11          भजनलाल                  हजकां
2011-14        कुलदीप बिश्नाई           हजकां
2014-19        दुष्यंत चौटाला           इनेलो

हिसार लोकसभा सीट
पुरुष मतदाता : 825688 महिला मतदाता : 691918 कुल मतदाता : 1517606

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।