किसानों के खाते में सीधे भुगतान में कुरुक्षेत्र जिला देश में अव्वल

Farmers Payment

केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल को किया सम्मानित

चंडीगढ़/नई दिल्ली (अनिल कक्कड़)। किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले को पुरस्कृत किया गया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले को पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से हरियाणा के कृषि व किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने ग्रहण किया। पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि कृषि क्षेत्र के विकास व किसान कल्याण की दिशा में विभिन्न योजनाओं के सफल कार्यान्वयन में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सफल कार्यान्वयन के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा विभिन्न श्रेणी के पुरस्कारों में 05 राज्यों व 15 जिलों को पुरस्कृत किया गया।

कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हिमाचल भी सम्मानित

लाभपात्र किसानों के आधार प्रमाणीकरण कार्य में 97 प्रतिशत उपलब्धि व आधार आधारित भुगतान कार्य में 90 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि के लिए कर्नाटक राज्य, प्रत्यक्ष प्रमाणिकरण कार्य में 99 प्रतिशत तक व शिकायत निवारण में 60 प्रतिशत तक उपलब्धि के लिए महाराष्ट्र राज्य तथा दिसंबर 2018 से मार्च 2019 के दौरान 01 करोड़ 53 लाख किसानों के पंजीकरण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश को पुरस्कृत किया गया। पूर्वोत्तर पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में किसानों के आधार प्रमाणीकरण कार्य में 98 प्रतिशत उपलब्धि के लिए अरूणाचल प्रदेश और प्रत्यक्ष प्रमाणिकरण कार्य में 75 प्रतिशत तक उपलब्धि व शिकायत निवारण में 56 प्रतिशत तक उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को पुरस्कृत किया गया।

पंजाब के रूपनगर व हिमाचल के बिलासपुर जिले भी चयनित

किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने के लिए उल्लेखनीय कार्यों के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के अतिरिक्त पंजाब राज्य के रूपनगर जिला व हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला को पुरस्कृत किया गया। किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने के लिए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्वोत्तर पहाड़ी क्षेत्र राज्यों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश के लाहौर व स्पीती जिलों व उत्तराखण्ड राज्य के उधम सिंह नगर जिला को पुरस्कृत किया गया।

देश में सबसे ज्यादा शिकायतें महाराष्ट्र के पुणे जिले ने निपटाई

किसानों की शिकायतों के निवारण की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए लिए महाराष्ट्र राज्य के पुणे जिला, गुजरात राज्य का दोहाद जिला व आंध्रप्रदेश के एसपीएसआर नैल्लोर जिले को पुरस्कृत किया गया। किसानों की शिकायतों के निपटान व समस्याओं के समाधान की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्वोत्तर पहाड़ी क्षेत्र राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड राज्य के नैनीताल जिला व हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला को पुरस्कृत किया गया।

प्रत्यक्ष प्रमाणिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए महाराष्ट्र राज्य के अहमनगर जिला, आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिला व बिहार राज्य के औरंगाबाद जिला को पुरस्कृत किया गया। प्रत्यक्ष प्रमाणिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्वोत्तर पहाड़ी क्षेत्र राज्यों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला व उत्तराखण्ड राज्य के देहरादून जिला को पुरस्कृत किया गया।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।