शिक्षा और संस्कारों से बड़ा कोई धन नहीं : बेदी

जिला प्रशासन द्वारा किया महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कार्यकम आयोजित

कुरुक्षेत्र(सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं  अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि ने पवित्र ग्रंथ  रामायण की रचना की, लोगों को अहिंसा का संदेश दिया और अपनी लेखनी से पूरे विश्व को एक मार्ग दिखाने का काम किया। आज पूरे विश्व को महर्षि वाल्मीकि से प्रेरणा लेनी चाहिए और युवा पीढ़ी को शिक्षा और संस्कारों का ज्ञान देना चाहिए, क्योंकि शिक्षा और संस्कार से बड़ा समाज में कोई धन नहीं हैं।

राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को राजकीय सीनियर माडल स्कूल के सभागार में अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग हरियाणा एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में  आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती के जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रुप में बोल रहे थे। इससे  पहले राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य जयभगवान शर्मा डीडी, जिला परिषद के सीईओ अनिल कुमार यादव, जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल ने स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण किया और  सभागार में महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रुप से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने जयंती समारोह पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली छात्रा नीरज रानी, द्वितीय शिवानी, तृतीय पूनम और कविता पाठ में सोनिया प्रथम, अमर सैनी द्वितीय और किरण को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया।

 राज्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार सरकार द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती को सरकारी तौर पर जिलास्तर पर मनाया जा रहा हैं। हालांकि 24  अक्टूबर 2015 को कैथल में राज्यस्तर पर वाल्मीकि प्रकट दिवस के रुप में मनाने का कार्य किया और सरकार ने संत गुरु रविदास, संत कबीर दास और भारत रत्न डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती को भी सरकारी तौर पर मनाकर एक अनोखा काम किया। सरकार का मकसद है कि महापुरुषाों और संतों का संदेश आमजन तक पहुंचे। जब महापुरुषों का संदेश आमजन तक पहुंचेगा तो समाज में एकता, समरसता और अखंडता की भावना पैदा होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास, हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति पर काम कर रही है। यह सरकार किसी एक क्षेत्र या समुदाय की सरकार नहीं है बल्कि नब्बे के नब्बे विधानसभा क्षेत्रों की सरकार
हैं। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसीपल संतोष शर्मा, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामपाल पाली, भाजपा महामंत्री रविन्द्र सांगवान व सुशील राणा, सुभाष बेदी, महेश पार्चा, गुरनाम मलिक, फकीर चंद मौजूद थे।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।