खेलो इंडिया-2021 का आयोजन हरियाणा में वर्ष 2021 के अंत में: संदीप

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा है कि ‘खेलो इंडिया- 2021’ का पूरा आयोजन राज्य में वर्ष 2021 के अंत तक किया जाएगा। सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अगले वर्ष होने वाले ओलम्पिक खेलों के बाद उक्त खेलों का आयोजन हरियाणा के पंचकूला में किया जाएगा तथा इनके लिये पंचकूला से अम्बाला में बने खेल परिसरों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द की मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इन खेलों के आयोजना को लेकर रूपरेखा बनाएंगे।

खेलमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ में देशभर से खिलाड़ी पहुंचेंगे तथा इनके भव्य स्वागत की व्यवस्था की जाएगी। खिलाड़ियों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्थाओं को लेकर जल्द ही अधिकारियों से बैठक कर योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि असम में गत खेलो इंडिया गेम्स देखने वह स्वयं वहां गए थे जिसका मकसद यह था कि ये गेम्स आयोजित कैसे किए जाते हैं। वहां से पूरा अवलोकन करने के बाद उन्होंने मन में ठान लिया था कि ‘खेलो इंडिया’ की अगली मेजबानी हरियाणा द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन खेलों के आयोजन में अभी एक साल बाकी है और वह सभी तैयारियां पूरी की जा सकती हैं जो इनके लिये जरुरी हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts