जापान में बाढ़ में फंसे छह लाख लोगों को निकालने का आदेश

Japan

सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए प्रशासन

टोक्यो (एजेंसी)

जापान के कागोशिमा शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण फंसे लगभग छह लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजने का आदेश दिया गया है। सार्वजनिक ब्रॉडकॉस्टर एनएचके ने बुधवार को यह जानकारी दी। जापान के दक्षिण पश्चिम में क्यूशू द्वीप सहित पूरे कागोशिमा प्रांत में हो रही मूसलाधार बारिश में फंसे लगभग छह लाख लोगों को निकालने का आदेश दिया गया है। कागोशिमा प्रान्त दुर्गम क्षेत्रों में से एक है जिसकी राजधानी कागोशिमा है।

जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने क्यूशु में पहले ही भारी बारिश बाढ़ की चेतावनी दी थी। क्षेत्र के लोगों को भारी बारिश के कारण संभावित प्राकृतिक आपदा के प्रति आगाह किया गया था। बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने का आदेश जारी होने से पहले लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनी और स्थानीय अधिकारियों की सलाह लेने तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा गया था।

कागोशिमा शहर में जहां से लोगों को निकालने का आदेश जारी किया था, बुधवार की सुबह स्थानीय समयानुसार सात से आठ बजे के बीच 40 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गयी है। अधिकारियों ने प्रांत में व्यापक स्तर पर बारिश के कारण कीचड़ धंसने और सड़कों पर जलजमाव तथा फिसलन की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की है।

चार लाख घरों से आठ लाख 50 हजार लोगों को निकाला जा रहा है

जेएमए ने कहा कि गुरुवार तक क्यूशू क्षेत्र में और अधिक बारिश का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों के लिए प्रति घंटे 80 मिलीमीटर की आशंका व्यक्त की गयी है। यह इस क्षेत्र में पूरे जुलाई महीने में होने वाली औसत बारिश के बराबर है। मौसम विभाग वरिष्ठ अधिकारी रयुता कुरोरा ने एक दिन पहले जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गुरुवार तक मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। क्यूशू द्वीप के इससे सबसे अधिक प्रभावित होने की संभावना है।

स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को बताया कि कागोशिमा, कुमामोतो और एहीम प्रान्तों में सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में चार लाख घरों से आठ लाख 50 हजार लोगों को निकालने का आग्रह किया गया था। बुधवार को जारी परामर्श चौथे चरण का है। यह मौसम विभाग के पैमाने में सर्वाधिक से महज एक स्तर कम है।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।