अगले साल 24 घंटे बिजली देने वाला देश का पहला राज्य होगा हरियाणा : सीएम

CM-Manohar-Lal

विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

(CM Manohar Lal)

  • तीन हजार सड़कों के कायाकल्प का किया वायदा

भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा प्रदेश में अगले एक वर्ष के दौरान 24 घंटे बिजली दी जाएगी। प्रदेश के 6500 गांवों में से 4500 गांवों में फिलहाल 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही हैं। अगले एक वर्ष में हरियाणा प्रदेश 24 घंटे बिजली देने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। वे भिवानी जिले के गांव कैरू में आयोजित हरियाणा प्रगति रैली के दौरान जनता को संबोधित कर रहे थे। (CM Manohar Lal) मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अगले तीन सालों के दौरान 6 क्रम से छोटे साईज की सभी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। लगभग तीन हजार किलोमीटर की सड़कें बनकर तैयार होंगी। जिससे प्रदेश के हर छोटे-बड़े गांव न केवल आपस में जुड़ेंगे, बल्कि गांवों को शहरों से भी इन सड़कों के माध्यम से जोड़ा जाएगा।

30 जून 2022 तक हरियाणा प्रदेश की हर घर की रसोई में नल से पानी पहुंचाया जाएगा

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबी रेखा की सीमा एक लाख 20 हजार रुपए से बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपए कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत 13 लाख परिवार आॅनलाईन पंजीकरण करवा चुके हैं, जिन्हें 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंच के माध्यम से यह वायदा भी किया कि 30 जून 2022 तक हरियाणा प्रदेश की हर घर की रसोई में नल से पानी पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हर विधायक से उनके हलके में विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट बनाकर मुख्यमंत्री को सौंपने का आह्वान किया।

56 करोड़ दो लाख सात हजार रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया

रैली में मंच के माध्यम से मुख्यमंत्री ने गांव सागवान में 96 लाख 46 हजार रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन, गांव पिंजोखरा में 91 लाख 23 हजार रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन और गांव मिली, मतानी और मोरकां में 14 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपए से समुचित पेयजल आपूर्ति की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान राजकीय महाविद्यालय भिवानी में साईंस ब्लॉक, कंप्यूटर लैब और मल्टीपरपज हॉल का भी शिलान्यास किया, जिस पर 11 करोड़ 31 लाख दो हजार रुपए की लागत आएगी। इस प्रकार मुख्यमंत्री ने कुल 56 करोड़ दो लाख सात हजार रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

  • भिवानी जिले के चार विधानसभा क्षेत्र की 32 सड़कों के लिए 77 करोड़ रुपए मंजूर किए।
  • वही मार्केटिंग बोर्ड की सड़कों के लिए 16 करोड़ रुपए मंजूर किए।
  • जलघर व पब्लिक हैल्थ की योजनाओं के लिए 38 करोड़ 50 लाख रुपए मंजूर किए।
  • भिवानी शहर की नई पाईप लाईन बिछाने के लिए साढ़े 11 करोड़ रुपए की नई योजनाओं को भी मंजूरी दी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।