दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग का इस्तीफा

Sach Kahoon Desk Picture
Published On
  • जाते-जाते सीएम अरविन्द केजरीवाल को दिया धन्यवाद
  • किरण बेदी और बीएस बस्सी के नाम की अटकलें तेज

New Delhi: दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने वीरवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जंग जुलाई 2013 में दिल्ली के उपराज्यपाल बने थे। वह दिल्ली के 20वें उपराज्यपाल थे। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में पिछले साल फरवरी में दिल्ली में नई सरकार बनने के बाद जंग और मुख्यमंत्री के बीच लगातार मतभेद बने रहे। उन्होंने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केजरीवाल को धन्यवाद दिया है। इस्तीफे के बाद जंग ने स्पष्ट किया कि वह अब फिर से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ेंगे। जंग को जब दिल्ली के उपराज्यपाल का कार्यभार सौंपा गया था, वह जामिया मिलिया के कुलपति थे। जंग के इस्तीफे के बाद भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी रहीं और वर्तमान पुड्डुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाए जाने की अटकलें जोरों पर हैं। सुश्री बेदी दिल्ली विधानसभा के पिछले साल हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार थीं। पुलिस आयुक्त के रूप में बस्सी और केजरीवाल के बीच लगातार तनातनी रही थी।
उन्होंने एक बयान जारी कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। बयान में उन्होंने कहा है कि सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उपराज्यपाल के रूप में कार्यकाल के दौरान मोदी से मिले सहयोग का धन्यवाद करते हुए जंग ने कहा कि इस दौरान उन्हें पूरा सहयोग मिला। दिल्ली की जनता को भी विशेषकर एक वर्ष के राष्ट्रपति शासन काल के दौरान मिले सहयोग के लिए जंग ने धन्यवाद दिया। पिछले दो वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री से मिले सहयोग के लिए भी जंग ने धन्यवाद दिया। जंग और केजरीवाल के बीच अधिकारों की लड़ाई को लेकर बराबर शब्दबाण चलते रहे। यह मामला अदालतों तक भी पहुंचा। दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रशासनिक मामलों में उपराज्यपाल को दिल्ली का सर्वेसर्वा बताया। जंग और मुख्यमंत्री के बीच खींचतान की शुरूआत मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार के छुट्टी पर जाने के दौरान कार्यवाहक मुख्य चिव की नियुक्ति को लेकर हुई थी। जंग ने शकुन्तला बी गेमलिन को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया था, जिसका सरकार ने विरोध किया था। इस प्रकरण के बाद से राजनिवास और दिल्ली सरकार के बीच लगातार कई मौकों पर तनातनी बनी रही थी। Agency 

About The Author

Related Posts