ऑनलाइन रोड टैक्स जमा के नाम पर धोखाधड़ी का खुलासा

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

परिवहन मंत्री ने आरोपी के खिलाफ दर्ज करवाया मामला, सख्त कार्रवाई के आदेश

अनिल कक्कड़ चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मोटर व्हीकल टैक्स (रोड टैक्स) ऑनलाइन जमा करवाने के नाम पर हो रही धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अभियुक्त के खिलाफ बावल पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने संबंधित जिलों के आरटीए अधिकारियों को भी इस तरह की धोखाधड़ी करने वालों पर लगातार नजर रखने को कहा है। परिवहन मंत्री ने बताया कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे अन्य राज्यों के साथ लगती हरियाणा सीमा पर कुछ लोगों ने मोटर व्हीकल टैक्स ऑनलाइन जमा करवाने के नाम पर प्राइवेट दुकानें (खोखे) खोली हुई हैं। ये लोग वाहन मालिकों से पैसे लेकर उसकी फर्जी रसीद बना देते हैं और सरकार के खजाने में पैसा जमा नहीं करवाते। अगर रास्ते में कोई जांच होती है तो ऐसे वाहन चालक पकड़ में आ जाते हैं, वरना इस तरह की धोखाधड़ी का पता लगाना मुश्किल होता है। इससे एक ओर जहां सरकार को चपत लगती है, वहीं वाहन मालिकों के साथ भी ठगी होती है।
मूलचंद शर्मा ने बताया कि जिला रेवाड़ी के बावल में इस तरह का एक मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने साथ हुई इस तरह की धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए बताया है कि 18 अगस्त को एक दुकान में उसने राजस्थान के लिए 8500 रुपये का टैक्स कटवाया था। आरोपी ने उससे पैसे लेकर रसीद दे दी। बस जयपुर पहुंची तो चैकिंग के दौरान उस रसीद का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और वह फर्जी निकली। परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जहां कहीं भी इस तरह की प्राइवेट दुकानें चल रही हैं उनकी जांच की जाएगी और टैक्स चोरी या वाहन मालिकों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Ad Ad