हरियाणा भर में लगेंगे पाँच लाख पौधे

Five lakh saplings to be planted across Haryana

भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘सेल्फी विद ट्री’ डालने के निर्देश

चंडीगढ़ (सच कहूँ ब्यूरो)। हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रक्षा बंधन के पावन पर्व पर सोमवार से पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की, जिसके तहत पार्टी नेता और कार्यकर्ता प्रदेशभर में लगभग पांच लाख पौधे लगाएंगे और प्रत्येक पौधे पर रक्षा सूत्र बांध इसकी सुरक्षा का भी प्रण लेंगे। अभियान 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुष्णतिथि तिथि तक चलेगा।

पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के फैसले के तहत शुरू किए गए इस अभियान की पूर्व विधायक पवन सैनी को संयोजक के तौर पर जिम्मेदारी सौपी गई है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पंचकूला में वृक्षारोपण कर इस अभियान की शुरूआत की। धनकड़ और प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज-अम्बाला छावनी, पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला-टोहाना, सांसद एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया-समालखा, ‘म्हारा हरयाणा-हरा भरा हरयाणा’ अभियान के प्रदेश संयोजक पूर्व विधायक पवन सैनी-लाडवा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेदपाल करनाल में पौधोरोपण करेंगे। अभियान के तहत जिला स्तर और फिर मंडल स्तर पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम किए जाएंगे।

अभियान के तहत कार्यकर्ताअहों को ‘सेल्फी विद ट्री’ नाम से अपनी ओर से लगाए गए पौधे की फोटो को सोशल मीडिया पर भी डालना होगा। यह अभियान जिला, मंडल और फिर बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक मंडल पर 1500 पौधे और हर एक बूथ पर कम से कम 25 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। यहाँ यह बात भी ध्यान देने की है कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल पौधे लगाने मात्र से ही नहीं संतुष्ट होना है अपितु उस पौधे पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुरक्षा का भी प्रण लेना है ।

धनखड़ ने इस अभियान में पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बढ़ चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है। पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, चेयरमैन/ वाईस चेयरमेन, जिला पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, नगर पार्षद,सरपंच और सदस्य इस अभियान में अपनी भूमिका निभाएंगे। ये पौधे सार्वजिक स्थलों चौपाल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, स्कूल, तालाब आदि पर भी लगाए जाएंगे। पार्टी के कोरोना के मद्देनजर इस अभियान के दौरान सामाजिक दूरी बनाये रखने तथा मास्क अनिवार्य रूप से लगाने के भी निर्देश दिये हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।