उपायुक्त कार्यालय समक्ष गरजे किसान

Farmers, Protest, Strike, Raised, Manpreet Singh Badal, Punjab

किसानों को भिखारी कहने से रोष, जगह-जगह प्रदर्शन

  • वित्तमंत्री का फूंका पुतला
  • कहा,वित्तमंत्री ने किसानों को भिखारी बोल किसान विरोधी होने का दिया सबूत

फाजिल्का। भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर जिला फाजिल्का की ओर से डीसी कार्यालय के समक्ष जिलाध्यक्ष उदय सिंह घुड़ियाना के नेतृत्व में पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया गया। किसान नेताओं ने कहा कि कर्ज माफी को लेकर वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल की ओर से किसानों को भिखारियों जैसी शब्दावली बोलकर किसान विरोधी होने का सबूत दिया है।

उन्होंने कहा कि किसान भिखारी नहीं वह अपना हक मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1967-68 में कानून बनाया गया था कि जैसे-जैसे महंगाई बढ़ेगी उसी तरह किसानों की फसलों के भाव, मजदूरों का वेतन, कर्मचारियों का वेतन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई के हिसाब से किसानों की फसलों के भाव नहीं बढ़ाए गए, जिस कारण आज देश का किसान कर्जे के बोझ के नीचे दबता जा रहा है, आत्महत्याएं करने के लिए मजबूर है।

3 जुलाई को दिल्ली धरने में शामिल होने का ऐलान

जिलाध्यक्ष घुड़ियाना ने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू करवाने और किसानी कर्जे खत्म करवाने के लिए देश के 62 किसान संगठन धरने दे रही हैं, जिसके अंतर्गत पंजाब के किसान 3 जुलाई को दिल्ली के धरने में शामिल होंगे। इस मौके महल सिंह, कांशी राम, सोहन सिंह, ओम प्रकाश, जगसीर सिंह, साहब राम, मुंशी राम, दौलत राम, बलदेव सिंह, छिंदर सिंह, जगतार सिंह व अन्य उपस्थित थे।

भिखारी कहना ‘अंनदाता’किसान का अपमान

भवानीगढ़। भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर ने रविवार को यहां ट्रक यूनियन के नजदीक नैशनल हाईवे पर पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की।

इस मौके यूनियन के जिला सचिव गुरबख्शीश सिंह, ब्लाक सचिव कश्मीर काकड़ा ने कहा कि वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने कर्ज माफी व अन्य किसानी मुद्दों पर टिप्पणी करते हुए प्रदेश के किसानों को भिखारी कह कर’अंनदाता’किसान का अपमान किया है। इस मौके यूनियन ने केंद्र और पंजाब सरकार से किसानों की फसलों के भाव स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट अनुसार कीमत सूचक अंक के साथ जोड़ने की भी मांग की।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।