सर्दी में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए एहतियाती उपायों पर जोर

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

नयी दिल्ली। केन्द्र सरकार ने सर्दी के मौसम में वायु की गुणवत्ता सुधारने के लिए फसलों के अवशेषों के प्रबंधन के लिए मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अन्य जरूरी एहतियाती कदम उठाने पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु की गुणवत्ता में सुधार के लिए गठित उच्चस्तरीय कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिवों के साथ साथ केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, मंत्रालयों के सचिवों को इस बारे में निर्देश दिये। बैठक में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, कृषि, सड़क और पेट्रोलियम मंत्रालयों के अलावा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मिश्रा ने इस बात पर जोर दिया कि वायु प्रदूषण के कारणों से निपटने के लिए उचित एहतियाती एवं निवारक उपाय सुनिश्चित करने के लिए फसल की कटाई और सर्दियों के मौसम की शुरुआत से काफी पहले ही जरूरी तैयारी की जानी चाहिए। उन्होंने वायु प्रदूषण के मुख्य स्रोतों, राज्य सरकारों एवं विभिन्न मंत्रालयों द्वारा किए गए उपायों की गई प्रगति और उनकी समीक्षा की गई। बैठक में इस मुद्दे पर गौर किया गया कि पिछले दो वर्षों के दौरान पराली को जलाने की घटनाओं में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है और अच्छे एक्यूआई वाले दिनों की संख्या में वृद्धि हुई है। फसलों के अवशेष जलाने की रोकथाम के लिए पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश राज्यों द्वारा किए गए प्रयासों एवं उनकी योजनाओं पर विस्तार से गौर किया गया। इसमें फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए जमीनी स्तर पर मशीनों की तैनाती एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts