गुरुग्राम-सोहना रोड पर निर्माणाधीन ऐलिवेटिड फ्लाईओवर गिरा

Elevated flyover under construction on Gurugram-Sohna road collapsed

साउथ सिटी-2 के पास तेज धमाके साथ हुआ हादसा, दो मजदूर घायल

  • उप मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
सच कहूँ/संजय मेहरा गुरुग्राम। करीब 1900 करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे गुरुग्राम के सबसे महंगे और लंबे ऐलिवेटेड फ्लाईओवर का 200 फुट का हिस्सा टूटकर शनिवार देर रात गिर गया। यह तो गनीमत रही कि उस समय इस क्षेत्र में अधिक लेबर नहीं था, नहीं तो हादसा बड़ा हो सकता था। सिर्फ दो लोगों के घायल होने की ही सूचना मिली है। वहीं हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। बता दें कि गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित सुभाष चौक से लेकर बादशाहपुर को पार करके भोंडसी तक ऐलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। गुरुग्राम के लिए यह प्रोजेक्ट अहम् है। गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली से मुंबई तक बनाए जा रहे एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 248ए पर यह फ्लाईओवर और छह लेन की सड़क बनाई जा रही है।Elevated flyover under construction on Gurugram-Sohna road collapsed
कुल लागत 1900 करोड़ में से अभी 900 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। छह किलोमीटर लंबे इस ऐलिवेटेड फ्लाईओवर का साउथ सिटी-2 मोड़ के पास व रेडिसन होटल के सामने करीब 200 फुट का हिस्सा यानी एक पिलर से दूसरे पिलर तक का हिस्सा बीती देर रात एकाएक ढह गया। इसके गिरने पर किसी बम ब्लास्ट जैसी आवाज आई तो आसपास के लोग भी कांप गए। गनीमत रही कि फ्लाईओवर के ऊपर रखी गई मशीन हादसे की जगह से थोड़ी आगे थी। अगर वह मशीन यहां होती तो हादसा बहुत बड़ा हो सकता था। हादसे की जानकारी मिलने पर देर रात को अधिकारी मौके पर पहुंचे। निर्माण कंपनी को भी इसकी सूचना दी गई। रात भर अधिकारियों की भागदौड़ यहां रही। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर करीब दो दर्जन मजदूर काम पर थे। कंपनी अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि कोई मजदूर नीचे नहीं था। नीचे सिर्फ जनरेटर सेट व निर्माण सामग्री रखी थी। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

सोहना रोड को जाम से मुक्ति देगा फ्लाईओवर

मनोहर सरकार-1 के कार्यकाल में इस फ्लाईओवर का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इसके बाद काम की शुरूआत उस समय पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे राव नरबीर सिंह ने की। यह फ्लाईओवर गुरुग्राम के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। गुरुग्राम से सोहना रोड पर बादशाहपुर तक लगने वाले यातायात जाम से यह फ्लाईओवर मुक्ति दिलाएगा। जिसे बादशाहपुर से पहले कहीं मुड़ना नहीं, वह इस फ्लाईओवर पर चढ़कर सीधे भोंडसी में उतरेगा।

निर्माण में लापरवाही के आरोप

निर्माण में विपक्ष ने लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। बादशाहपुर से कांग्रेस नेता राजेश यादव का कहना है कि फ्लाईओवर का गिरना बहुत ही गंभीर बात है। चुनाव जीतने के बाद विकास कार्यों का श्रेय लेने के चक्कर में यह जल्दबाजी से काम किया जा रहा है। कमीशनखोरी का इसमें खेल है। पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। कोई जवाबदेही तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इनकी जिम्मेदारी लेते हुए अब सांसद इंद्रजीत सिंह को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।