सेल्फी बनी 8 लोगों के लिए मौत का कहर

Drowned, Dam, Selife, Diver, Died, Nagpur

गोताखोरों की मदद से चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन

नागपुर: यहां वेना डैम में रविवार को पिकनिक मनाने गए 8 युवक डूब गए। नाव पर 11 लोग सवार थे, तीन को बचा लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे, इस दौरान बैलेंस बिगड़ने से नाव पलट गई। इनमें से 4 की बॉडी अभी तक बरामद की जा चुकी है। गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया युवकों ने नाव चालक रोशन खंदारे और अक्षय खंदारे व अतुल बावने की नाव तय की। चालकों ने सभी दोस्तों को एक साथ नाव में सवार होने से रोका था, लेकिन वे नहीं माने। नाव में एक साथ इतने लोगों को ले जाने की क्षमता नहीं थी। जानकारी के मुताबिक 11 युवकों में से किसी एक जन्मदिन होने की वजह से यह सभी लोग रविवार को पिकनिक मनाने के मकसद से गए थे।

सभी गोंडखैरी के पास वेना नदी में बोटिंग का लुत्फ उठा रहे थे। इसके बाद कुछ युवक किनारे पर नहाने गए तो कुछ मछली पकड़ रहे थे। युवकों ने एक नाव में सवार होकर नदी में जाने का फैसला किया।

एक तरफ वजन बढ़ने के कारण पलट गई नाव

किनारे से काफी दूर तक जाने के बाद यह लोग नाव में ही सेल्फी लेने लगे। ग्रुप सेल्फी लेते समय सभी नाव के एक तरफ हो गए। एक तरफ वजन बढ़ने के कारण नाव पलट गई। जो लोग तैर सकते थे वह बचने में कामयाब हुए बाकी लोग नदी में डूब गए। तैरकर बचे लोगों ने ही पुलिस को हादसे की जानकारी दी।

3 शव निकाले बाहर

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी शैलेष बलकवड़े, डीवाईएसपी सुरेश भोयर और कलमेश्वर इलाके के थानेदार राजू बहादुरे अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत जिला प्रशासन से मदद मांगी।

आस-पास के मछुवारों को भी मदद के लिए बुलाया गया। तुरंत रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। दमकल विभाग और गोताखोरों ने रविवार रात 10 बजे तक 3 शव बाहर निकाल लिए थे। किनारे पर मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

सभी युवक उदयनगर, दत्तात्रयनगर और आस-पास के इलाके के रहने वाले हैं। रात का अंधेरा होने के कारण बचावकार्य रोक दिया गया है। सोमवार को सुबह होते ही दोबारा खोज अभियान शुरु किया।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।