जोकोविच नौंवीं बार एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में

Published On

लंदन | विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने पूर्व चैंपियन जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव को शुक्रवार को लगातार सेटों में 6-3, 7-6 (4) से हराकर नौंवीं बार साल के आखिरी टूर्नामेंट एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में ग्रुप टोक्यो 1970 से सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जोकोविच 13वीं बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं और नौंवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। टॉप सीड जोकोविच इस टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठे खिताब की बराबरी करने से दो जीत दूर रह गए हैं। सर्बियाई खिलाड़ी ने इस जीत से ज्वेरेव से 2018 में इस टूर्नामेंट के फाइनल में मिली हार का बदला चुका लिया है।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी का सेमीफाइनल में ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम से मुकाबला होगा जिनसे वह पिछले साल ग्रुप मैच में हारे थे। जोकोविच पहले ही छठी बार साल का समापन नंबर एक के रूप में करना सुनिश्चित कर चुके हैं। जोकोविच का विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी थिएम के खिलाफ 7-4 का करियर रिकॉर्ड है। दोनों के बीच पिछले पांच मुकाबले या तो टाई ब्रेक में गए हैं या फिर इनका फैसला निर्णायक सेट में हुआ है।

ग्रुप टोक्यो 1970 के एक अन्य मैच में रूस के डेनिल मेदवेदेव ने अपने अंतिम मुकाबले में अर्जेंटीना के डिएगो श्वार्ट्जमैन को लगातार सेटों में 6-3, 6-3 से पराजित किया। मेदवेदेव का सेमीफाइनल में विश्व के नंबर दो खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल से मुकाबला होगा। मेदवेदेव तीन करियर मुकाबलों में नडाल को कभी नहीं हरा पाए हैं।रिकॉर्ड लगातार 16वीं बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे 20 ग्रैंड सलेम खिताबों के विजेता नडाल ने अपने शानदार करियर में यह खिताब एक बार भी नहीं जीता है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts