राममंदिर कार्यक्रम टालने की दिग्विजय की मोदी से अपील, अशुभ मुहूर्त का दिया हवाला

Ram Temple

नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और उत्तर प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष स्वतंत्र देव समेत भाजपा के अन्य नेताओं के कोरोना संक्रमित होने का वास्ता देते ‘अशुभ’ मुहूर्त में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अयोध्या में राममंदिर का भूमि पूजन टालने की एक बार फिर अपील की है। सिंह ने सोमवार को कई ट्वीट किये जिनमें अशुभ घड़ी में राममंदिर के भूमिपूजन और भाजपा नेताओं के कोरोना संक्रमित होने का हवाला देकर इसे टालने का उल्लेख है।

उन्होंने कहा, “ सनातन हिंदू धर्म की मान्यताओं को नज़र अंदाज करने का नतीजा 1- राम मंदिर के समस्त पुजारी कोरोना पॉजिटिव, 2-उत्तर प्रदेश की मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना से स्वर्गवास, 3- उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में, 4- देश के गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में, 5- मध्यप्रदेश के भाजपा के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में तथा 6- कर्नाटक के भाजपा के मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में।” उन्होंने आगे लिखा, “ पांच अगस्त को भगवान राम के मंदिर शिलान्यास के अशुभ मुहुर्त के बारे में विस्तार से जगदगुरू स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज ने सचेत किया था। मोदी जी की सुविधा पर यह अशुभ मुहुर्त निकाला गया , यानी मोदी जी हिंदू धर्म की हजारो वर्षों की स्थापित मान्यताओं से बड़े हैं!! क्या यही हिंदुत्व।”

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।