लॉकडाउन के बावजूद कोरोना को लेकर स्थिति हुई गंभीर

Haryana Lockdown

हरियाणा में शनिवार को सामने आए 26 नए मामले

चंडीगढ़ (अनिल कक्कड़/सच कहॅूँ)। Haryana News in Hindi Live: दिल्ली में निजामुद्दीन में हुई मरकज से लौटे जमातियों के कारण प्रदेश में कोरोना से लड़ाई दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। शनिवार को कुल 26 नए मामले कोरोना पॉजीटिव लोगों के सामने आए, जिनमें 21 तबलीगी जमाती शामिल हैं। लगातार बढ़ रहे आंकड़ों ने सरकार और आमजन को चिंता में डालना शुरू कर दिया है।

सबसे ज्यादा मामले गुरुग्राम और पलवल से, कुल 70 पॉजीटिव केस

बता दें कि प्रदेश में बीते तीन दिन में तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। शनिवार को अब तक एक दिन में सबसे ज्यादा 26 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों की संख्या पलवल और गुरुग्राम में है। पलवल में शनिवार को 13 नए मरीज आए। वहीं फरीदाबाद में 8, गुरुग्राम में 2, भिवानी में 2 और कैथल में 1 नए मरीज मिले हैं। अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 70 हो गई है। भिवानी और कैथल में पहले मामले आए हैं। इसके साथ-साथ फरीदाबाद में एक बीएसएफ के कमांडेट और उसकी पत्नी को भी कोरोना पॉजिटिव आया है।

संक्रमितों में सबसे आगे पलवल जिला

प्रदेश का पलवल जिलाा गुरुग्राम को पीछे छोड़ कोरोना पॉजीटिव लोगों की संख्या में सबसे आगे पहुंच गया है। इस आंकड़े ने स्थानीय निवासियों के दिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप सिंह का कहना कि पलवल में अब कुल 17 केस हो गए हैं। इनमें से एक ठीक हो चुका है। वीरवार को 44 लोगों के सैंपल भेजे गए थे, इनमें से 31 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 13 संक्रमित मिले हैं। ये सभी निजामुद्दीन मरकज से लौटे लोग हैं। सबसे खास बात ये है कि इनमें से कोई भी पलवल का स्थाई निवासी नहीं है, सभी दूसरे राज्यों से आए हुए हैं।

फरीदाबाद में बीएसएफ कमांडेंट और पत्नी पॉजीटिव

फरीदाबाद में शनिवार को 8 मरीजों की रिपोर्ट आई। इनमें से 5 जमाती हैं। जबकि बीएसएफ के एक कमांडेंट और उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। दरअसल वे ग्वालियर में पोस्टिड थे। वहां सेना के एक जवान को कोरोना हो गया था। इसके बाद उनकी यूनिट के सभी अधिकारियों को आइसोलेट कर दिया गया था। वे भी फरीदाबाद आकर आइसोलेट हो गए थे। उनका सैंपल जांच के लिए लिया गया था, जो पॉजिटिव मिला है।

कैथल और भिवानी में तीन जमाती निकले कोरोना पॉजीटिव

कैथल और भिवानी जिलों में तीन नए जमाती कोरोना पॉजीटिव निकले हैं। कैथल में निजामुद्दीन मरकज से चार लोग लौटे थे। इनमें से तीन की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद कैथल की महादेव कॉलोनी को सील कर दिया है। पॉजिटिव आए व्यक्ति की उम्र 55 वर्ष है। उसे भी आइसोलेट कर दिया गया है। उसके परिवार व संपर्क में आने वाले अन्य सदस्यों को भी आइसोलेट कर दिया है।

वहीं भिवानी सिविल सर्जन डा. जितेन्द्र कादियान ने बताया कि शुक्रवार को निजामुद्दीन से लौटे 8 लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने भेजे थे। इनमें से 6 की रिपोर्ट नेगेटिव आई जबकि मानहेरू और संडवा गांव के दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी तक दोनों का स्वास्थ्य ठीक है। दोनों के परिवारों को व उनके संपर्क में आने वाले लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है।

प्रदेश में संक्रमित जमातियों की संख्या हुई 30

प्रदेश में दिल्ली से लौटे जमातियों की कुल संख्या 1300 से ज्यादा बताई गई है लेकिन फिलहाल जांच में 30 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या पलवल जिले की है। यहां कुल 16 संक्रमित हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में 1, नूहं में 3 और अम्बाला में 2, भिवानी में 2, कैथल में 1, फरीदाबाद में 5 लोग संक्रमित हैं, जो मरकज से आए हुए थे। सभी धर्म प्रचार का काम कर रहे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है।

हरियाणा के 22 जिलों में से 14 तक पहुंचा कोरोना

   जिला            पॉजीटिव केस

  • पलवल             17
  • गुरुग्राम            17
  • फरीदाबाद         14
  • पानीपत            4
  • अम्बाला            3
  • नूहं                 3
  • सिरसा              3
  • भिवानी             2
  • पंचकूला            2
  • कैथल              1
  • हिसार              1
  • रोहतक             1
  • करनाल            1
  • सोनीपत           1

15 मरीज हुए ठीक

  • अभी तक 15 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं।
  • 9 मरीज, पानीपत में 3, फरीदाबाद में 1 और पलवल में 1 व सोनीपत में 1 मरीज ठीक हुआ है।

फरीदाबाद में आठ और पॉजिटिव आए सामने

  • आंकड़ा बढ़कर पहुंचा 14
  • नए मामलों में तबलीगी जमात के लोग शामिल

फरीदाबाद (सच कहूँ/राजेन्द्र दहिया)। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से निकले तबलीगी जमात के लोगों ने पूरे देश में कोरोना के मामलों में वृद्धि कर दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में शनिवार को कोरोना वायरस के 8 मामले प्रकाश में आने के बाद अब यहां पॉजिटिव मामलों की संख्या 14 पहुंच गई है। पिछले तीन दिनों से इस जिले में कोरोना पॉजिटिव एक भी मामला सामने नहीं आया था, परंतु आज जो मामले सामने आए है। सूत्रों के मुताबिक पॉजिटिव्स में सीधे आठ के अंक का इजाफा हुआ है। जो नए पॉजिटिव पाए गए हैं, वे सभी तबलीगी जमात से जुड़े या उनके संपर्कों वाले लोग हैं।

  • स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अभी तबलीगी जमात पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
  • यह एक दिन में मिलने वाले पॉजिटिव की सबसे बड़ी संख्या है।

यह फरीदाबादवासियों के लिए खतरे की घंटी है। जिला प्रशासन फरीदाबाद द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार फरीदाबाद में मौजूदा समय में 14 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक की नेगेटिव रिपोर्ट आने पर उसे छुट्टी दे दी गई, जबकि 190 सैम्पल जांच के लिए भेज गए, जिसमें से 134 नेगेटिव आए, जबकि 42 की रिपोर्ट आनी अभी बाकि है। वहीं, 156 ऐेसे लोग है, जिन्होंने 28 दिन का सर्विलांस पीरियड पूरा किया है। मालूम हो कि निजामुद्दीन के मरकज से निकली तबलीगी जमात के 108 लोगों को अब तक आईडेंटिफाई किया गया है, इन लोगों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्यवाही करेगा।

कुरुक्षेत्र में 2 और संदिग्धों के सैंपल भेजे

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवी लाल बारना)। जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस का अभी तक कोई भी पाजिटिव केस नहीं है। इस जिले से शनिवार को 2 और संदिग्ध व्यक्तियों सैम्पल कोरोना वायरस टेस्ट के लिए लैब में भेजा गया है। इस प्रकार अब इस जिले से 32 संदिग्ध व्यक्तियों के सैम्पल का रिजल्ट आना बाकी है।

सिविल सर्जन ने शनिवार को देर सायं जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा कि कुरुक्षेत्र जिले से कोरोना वायरस टेस्ट के लिए 45 संदिग्ध व्यक्तियों के सैम्पल भेजे गए है, इसमें से 13 केस नेगटिव आए हैं और 32 सैम्पलों के रिजल्ट आना बाकी है। इस जिले में दिसम्बर माह से अब तक 2333 लोग विदेशों से आए है, इनमें से 2318 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी है और 15 लोगों के पतों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विदेश से कुरुक्षेत्र पहुंचने वाले 28 दिन पूरे होने वाले 1354 लोग है, इनमें से 964 लोगों कंो घरों में क्वरांटाईन किया गया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।