घरौंडा टोल टैक्स पर कई किलोमीटर तक भारी जाम

आज किसानों का ‘जाम आंदोलन’

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में किसानों ने शुक्रवार रात को बस्तारा टोल प्लाजा बंद कर दिया था। ये सभी किसान केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। वहीं अंबाला में शंभू टोल प्लाजा को किसानों ने बंद कर दिया है। जिसके बाद इसे टोल फ्री कर दिया गया है। हिसार और करनाल का बस्तारा टोल प्लाजा भी फ्री कर दिया गया है।

राहुल गांधी ने पूछा, ‘किसानों को कितनी आहुति देनी होगी’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार भीषण ठंड के बावजूद आंदोलन करने को मजबूर किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है इसलिए उसे बताना चाहिए कि किसानों को अभी कितनी आहुति देनी होगी। गांधी ने शनिवार को कहा, ‘कृषि कानूनों को हटाने के लिए हमारे किसान भाइयों को और कितनी आहुति देनी होगी। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ‘पिछले 17 दिनों में 11 किसान भाईयों की शहादत के बावजूद निरंकुश मोदी सरकार का दिल नहीं पसीज रहा।

वह अब भी अन्नदाताओं के साथ नहीं, अपने धनदाताओं के साथ क्यों खड़ी है। देश जानना चाहता है-‘राजधर्म’ बड़ा है या ‘राजहठ’ किसान आंदोलन। उन्होंने कहा, ‘ लोकतंत्र में निरंकुशता का कोई स्थान नहीं। आप और आपके मंत्रियों की नीति हर विरोधी को माओवादी और देशद्रोही घोषित करने की है। भीषण ठंड और बरसात में जायज माँगों के लिए धरने पर बैठे अन्नदाताओं से माफी माँगिए और उनकी माँगें तत्काल पूरी करिए।

3500 पुलिसकर्मियों की तैनाती फरीदाबाद में

हरियाणा में आंदोलित किसानों ने टोल प्लाजा बंद करने की धमकी दी है। जिसे देखते हुए सभी 5 टोल प्लाजा पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। ये सभी दंगा-रोधी उपकरण के साथ वहां तैनात किए गए हैं।

किसानों के समर्थन में आए युवराज सिंह

भारतीय टीम इंडिया को दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले युवराज सिंह का आज जन्म दिन है, लेकिन इस बार वो अपना जन्म दिन नहीं मनाने का फैसला लिया है। इसकी वजह किसानों का आंदोलन है। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

उत्तर प्रदेश के टोल प्लाजा पर सुरक्षा चाक चौबंद

उत्तर प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर सुरक्षा और सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के सभी 130 टोल प्लाजा पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।