कोरोना वायरस: इटली में मरने वालों की संख्या 1266 हुई

Coronavirus in Rural Areas

चीन में कोरोना वायरस से अब तक 3189 लोगों की मौत

रोम (एजेंसी)। (Coronavirus In Italy) इटली में कोरोना वायरस (कोविड-19) से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1266 हो गयी है। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख एंजेलो बोरेली ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इटली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 17660 हो गयी है। बोरेली ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में अधिकतर 80 से 90 वर्ष आयु वर्ग के हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित 1045 लोगों को पूरी तरह से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। इटली का उत्तरी लोम्बार्डी प्रांत इससे सर्वाधिक प्रभावित है जहां सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है।

इटली के प्रधानमंत्री गिउसेप कोंटे ने कोरोना वायरस (Coronavirus In Italy) को फैलने से रोकने के लिए उत्तरी और केन्द्रीय क्षेत्रों में यात्रा संबंधी प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। कोरोना वायरस (कोविड-19) से मोडेना, पर्मा, पियासेंजा, रेडियो एमिलिया, राम ने, पेसारो और उरबिनो, एलेसेंड्रा, एस्टी, नोवारा, वबार्नो क्यूसियो ओस्सोला, वसेर्ली, पादुआ, ट्रेविसो और वेनिस आदि सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र हैं।

12094 मरीजों को सख्त निगरानी में रखा गया

वहीं चीन में खतरनाक कोरोना वायरस से मरने वालो की संख्या बढ़कर 3189 हो गयी जबकि 80,824 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं और 65,541 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे गयी हैं। चीन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति ने शनिवार को यह जानकारी दी। समिति ने कहा,‘ राष्ट्रीय स्वास्थ्य समिति को देश के 31 प्रांतों से मिली जानकारी के अनुसार अब तक करीब 80,824 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की गयी है और करीब 12094 मरीजों को सख्त निगरानी में रखा गया है जिनमें से 3610 की हालत गंभीर है। करीब 65,541 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान चीन में कोरोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।