किसानों के आंदोलन के पीछे कांग्रेस का हाथ : धनखड़

Congress's hand behind farmers' movement Dhankar - Sach Kahoon Hindi News

संभावनाओं के आधार पर कदम उठाना गलत

  • पंजाब सरकार पर लगाया स्वार्थ की राजनीति का आरोप

पानीपत (सच कहूँ ब्यूरो)। हरियाणा भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने किसानों के दिल्ली कूच पर कहा कि यह हरियाणा का पहला ऐसा आंदोलन है जो आशंका के आधार किया जा रहा है। इस आंदोलन के पीछे कांग्रेस और उसके राजनीतिक दलों का हाथ होने का दावा किया है।

पानीपत में बुधवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ ने किसानों के आंदोलन के संदर्भ में कहा कि पूर्व में भी विपक्षी दलों ने उनको बहका कर आंदोलन करवाया था, जबकि हरियाणा में फसलों की सरकारी खरीद हर साल की तरह हुई और यह आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की कैप्टन अमरिन्दर सरकार जहां भीषण वित्तीय व्यवस्था से जूझ रही है, वहीं राज्य की जनता का ध्यान हटाने के लिए किसानों के दिल्ली कूच को सरकारी तंत्र के साए में हवा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा संभावनाओं के आधार पर कोई भी कदम उठाना सही नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनेक बार ये साफ कर चुके हैं कि किसानों की फसलों की सरकारी खरीद जारी रहेगी। किसानों को उनकी फसलों का समर्थन मूल्य मिलता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार किसानों के मुद्दे पर अपनी स्वार्थ की राजनीति करते हुए उनको आंदोलन के लिए उकसा रही है। जबकि राज्य में किसानों की हालत बहुत खराब है, किसानों को समय पर यूरिया एवं अन्य उर्वरक नहीं मिल रहे है।

किसानों से दिल्ली कूच से दूर रहने की अपील

धनखड़ ने कहा कि देश में डेढ़ लाख करोड़ रुपये की फसल की सरकारी खरीद होती है, इसमें से 90 हजार करोड़ रुपये की खरीद अकेले पंजाब और हरियाणा राज्यों में होती है। उन्होंने किसानों से दिल्ली कूच से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसानों को भाजपा सरकार की किसान नीतियों का कांग्रेस और अन्य दलों की नीतियों से तुलना करनी चाहिए, तभी किसानों को सही व गलत का अंतर पता चलेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा हमेशा किसान के हित में रही है और किसानों को वोट बैंक न समझ कर अन्नदाता समझते हुए किसानों के भले के लिए ही विधेयक पारित कर लागू किए हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।