हरियाणा में पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

Congress is preparing for the panchayat elections in Haryana

कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज

सच कहूँ/देवीलाल बारना कुरुक्षेत्र। हरियाणा प्रदेश में अभी पंचायत चुनावों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी संबंध में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल वीरवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे। जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जिलाभर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में होने वाले पंचायती व दूसरे चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़ने को लेकर बातचीत की। इसके साथ ही पार्टी संगठात्मक ढांचा खड़ा करने के लिए फीडबैक भी ली। सर्किट हाऊस में बैठकर बंसल ने जिला के चारों हलकों थानेसर, लाडवा, पिहोवा व शाहाबाद से आए कार्यकर्ताओं से अलग-अलग गुटों के रूप में व व्यक्तिगत रूप से बंद कमरे में मुलाकात की।

इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा, पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, लाडवा विधायक मेवा सिंह अन्य कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। जानकारी के अनुसार कार्यकर्ताओं ने बंसल को पार्टी की गुटबंदी के कारण हो रहे नुकसान से अवगत करवाया। इस मौके पर जिला कांग्रेस के पूर्व प्रधान पवन गर्ग, पूर्व विधायक अनिल धंतोडी, प्रदेश कांग्रेस के संगठन सचिव सुभाष पाली, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव परीक्षित मदान, इंप्रुवमैंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन सहित जिलाभर के कार्यकर्ता आए हुए थे।

क्षमतावान कार्यकर्ताओं को संगठन में मौका देकर करेंगे गुटगंदी खत्म

पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए बंसल ने कहा कि क्षमतावान कार्यकर्ताओं को संगठन में मौका देकर पार्टी की गुटबंदी को खत्म करने का काम किया जाएगा। वे इससे पहले करनाल व पानीपत के कार्यकर्ताओं से मिलकर फीडबैक ले चुके हैं। वे आज इसी उद्देश्य से कुरुक्षेत्र के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने आए हैं। वहीं किसान आंदोलन संबंधी पूछे गए सवाल के उत्तर में उन्होने कहा कि विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया हुआ है जब देश का अन्नदाता संकट में हो तो विपक्षी दल होने के नाते उनका समर्थन करना कांग्रेस का फर्ज बनता है।

दो-तीन माह में खड़ा करेंगे प्रदेश व जिले का संगठात्मक ढांचा

एक प्रश्न के उत्तर में बंसल ने बताया कि लगभग दो-तीन माह में कांग्रेस का प्रदेश व जिला स्तर पर संगठात्मक ढांचा बना दिया जाएगा और उसके बाद ब्लॉक स्तर पर भी संगठन खडा किया जाएगा। बिना किसी गुटबाजी के क्षमतावान कार्यकर्ताओं को संगठन में काम करने का मौका दिया जाएगा। उन्होने स्वीकार किया कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के चलते काफी नुकसान हुआ है। पार्टी का संगठात्मक ढांचा न होने के कारण काफी नुकसान हुआ है और उनका प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द संगठात्मक ढांचा खड़ा किया जाए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।