गाजियाबाद(सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। कश्यप निषाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में 5 अप्रैल को गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला मैदान में कश्यप निषाद संगठन विशाल महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। इस महाकुंभ में कश्यप समाज के क्षेत्रीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदाधिकारियों को संबोधित करने के लिए गाजियाबाद आएंगे। प्रेस व्रत के दौरान यह जानकारी देते हुए स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया है कि इस कार्यक्रम का मकसद महर्षि कश्यप को याद करना और उनके बताए सिद्धांतों को जीवन में अपनाने लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम और महर्षि कश्यप के जीवन से जुड़े नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई अन्य प्रमुख अतिथि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का काम करेंगे।
महर्षि कश्यप को दी जाएगी पुष्पांजलि
श्री कश्यप ने बताया कि 5 अप्रैल को घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले कश्यप निषाद संगठन के महाकुंभ का मकसद महर्षि कश्यप जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि देना है । मंच पर महर्षि कश्यप की तस्वीर लगाई जाएगी इसके साथ ही महर्षि कश्यप से जुड़े जीवन के किस्सों को भी संगठन के लोग सुनने का काम करेंगे। इस पूरे आयोजन को महर्षि कश्यप के प्रति समर्पित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला मैदान में कई दिन पहले शुरू हो जाएगी तैयारी
नरेंद्र कश्यप ने बताया कि कश्यप निषाद संगठन की ओर से होने वाले रामलीला मैदान घंटाघर में विशाल महाकुंभ को आयोजित करने का मकसद कश्यप निषाद समाज को एकजुट करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। नरेंद्र कश्यप ने बताया है कि कार्यक्रम के लिए तैयारी को शुरू कर दिया गया है। वही मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ का समय भी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मिल गया है। कार्यक्रम घंटाघर रामलीला मैदान में होगा, जहां विशाल पंडाल के साथ ही हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही शहरभर में बैनर और होर्डिंग्स लगाने का काम किया जाएगा।
दिल्ली ,उत्तर प्रदेश ,उत्तराखंड सहित कई प्रदेश के पदाधिकारी होंगे शामिल
उन्होंने बताया कि घंटाघर रामलीला मैदान में 5 अप्रैल को आयोजित होने वाले कश्यप निषाद संगठन के विशाल महाकुंभ में उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि दिल्ली, हरियाणा ,पंजाब , राजस्थान, हिमाचल प्रदेश , जम्मू कश्मीर व मध्य प्रदेश के साथ ही कई अन्य प्रदेश के कश्यप निषाद संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को मंच पर स्थान देने के साथ ही उनके द्वारा समाज को एकजुट करने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को दी जाएगी आयोजन की बड़ी जिम्मेदारी
5 अप्रैल को कश्यप निषाद संगठन की ओर से आयोजित होने वाले विशाल महाकुंभ के लिए कश्यप निषाद संगठन के पदाधिकारियों को कार्यक्रम के लिए सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने और बड़े स्तर पर सफल आयोजन करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को शामिल किया जाना है और मंच से मुख्यमंत्री और नरेंद्र कश्यप का संबोधन भी होगा। जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ भी आमंत्रित की जाएगी। बता दें कि इससे पूर्व भी नरेंद्र कश्यप द्वारा कश्यप निषाद संगठन के कई कार्यक्रम गाजियाबाद में कराए गए हैं जो बेहद सफल रहे हैं।