तमिलनाडु तट के पास पहुंचा चक्रवाती तूफान ‘बरेवी’

Burevi Cyclone

चेन्नई (एजेंसी)। चक्रवाती तूफान बरेवी त्रिंकोमाली के नजदीक श्रीलंका को पार करने के बाद गुरुवार की सुबह पश्चिम-उत्तर पश्चिम में बढ़ते हुए तमिलनाडु तट के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के तटों के लिए एक रेड अलर्ट बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बरेवी ने बुधवार की मध्य रात्रि में त्रिंकोमाली के पास श्रीलंका को पार किया। तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौजूदा समय में मुन्नार की खाड़ी से लगभग 40 किलोमीटर पूर्व में, पंबन से 120 किमी पूर्व तथा दक्षिण पूर्व में और कन्याकुमारी से 320 किमी पूर्व तथा पूर्वोत्तर में बना हुआ है। इसके पश्चिम तथा पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने तथा मुन्नार तट के पास मुन्नार की खाड़ी में प्रवेश करने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर में पंबन के बहुत करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जो 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। इसके बाद यह पश्चिम तथा दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा दोपहर के बाद पंबन को पार कर जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि बरेवी शुक्रवार तड़के पंबन तथा कन्याकुमारी के बीच दक्षिण तमिलनाडु के पार कर जाएगा। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जो 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान का आज से दक्षिण तमिलनाडु के तटीय जिलों पर असर नजर आयेगा जो रामनाथपुरम से शुरू होकर धीरे-धीरे कन्याकुमारी की ओर बढ़ेगा।

नौका हादसा: लापता सभी छह मछुआरों के शव बरामद

तमिलनाडु के मेंगलुरु से अरब सागर में मछली पकड़ने गयी नाव श्रीरक्षा के डूबने के बाद लापता हुए छह मछुआरों को खोजने के लिए शुरू किये गये तलाश अभियान के दौरान बुधवार को तीन और मछुआरों के शव बरामद कर लिये गये। मृतकों की पहचान जिया उल्लाह (32), हसैनार (25) और चिंतन (21) के रूप में की गयी है जिनके शव मछली पकड़ने के जाल में उलझे हुए थे। उनके शव कल रात निकाले गये। मंगलवार को दो शव बरामद किए गए थे। नाव सोमवार को डूबी थी। जिला प्रभारी मंत्री कोटा श्रीनिवास पुजारी ने मृतकों के परिवारों को छह-छह लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।