मुख्यमंत्री की युवाओं से अपील, गैर-कानूनी तरीके से विदेश न जाएं

Punjab Government News
Punjab Government News: मुख्यमंत्री की युवाओं से अपील, गैर-कानूनी तरीके से विदेश न जाएं

युवाओं को प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनने का न्योता

  • पंजाब में 50 हज़ार से अधिक सरकारी नौकरियों ने प्रवास को उल्टा रुख दिया
  • नशे के खिलाफ लड़ाई में खेलों की अहम भूमिका

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे अमेरिका से गैर-कानूनी प्रवासियों की वापसी से सबक लें और गलत तरीकों से विदेश जाने की सोच छोडक़र अपने राज्य को देश में अग्रणी बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस पवित्र धरती पर जन्म लेना हमारे लिए गर्व की बात है क्योंकि पंजाब की ज़मीन दुनिया की सबसे उपजाऊ भूमि है। उन्होंने अफसोस जताया कि पिछली सरकारों की नाकामी के कारण राज्य के युवा बेहतर भविष्य की तलाश में अन्य देशों की ओर पलायन करने को मजबूर थे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अमेरिका से सामूहिक वापसी हम सभी के लिए आंखें खोलने वाली है और अब हमें गैर-कानूनी तरीके से विदेश नहीं जाना चाहिए, बल्कि राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही पंजाब के युवाओं को योग्यता के आधार पर 50 हज़ार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि तीन वर्षों में युवाओं को इतनी बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा क्योंकि युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पंजाब में प्रवास का रुख बदला है क्योंकि युवा राज्य में सरकारी नौकरियां पाने के लिए विदेशों से लौट रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं का राज्य सरकार पर विश्वास बढ़ाया है, जिसके चलते अब वे विदेश जाने का विचार छोडक़र यहीं सरकारी नौकरी पाने के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह एक रिकॉर्ड है कि विदेश जाने की पुरानी प्रवृत्ति के विपरीत अब राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में दाखिलों में भारी इज़ाफा हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर पुलिस विभाग की कार्यकुशलता बढ़ाने और दूसरी ओर युवाओं को रोजगार देने के लिए राज्य सरकार ने पंजाब पुलिस में हर साल 1800 सिपाही और 300 सब इंस्पेक्टर भर्ती करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इन 2100 पदों के लिए हर साल करीब 2.50 लाख उम्मीदवार आवेदन करने की संभावना है, इसलिए सभी इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा पास करने के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ अपनी शारीरिक क्षमता को भी सुधारेंगे। भगवंत सिंह मान ने बताया कि राज्य सरकार ने पंजाब पुलिस में 10,000 नई भर्तियां करने का फैसला किया है, जिसके लिए अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पारंपरिक पार्टियां उनसे इसलिए नाराज़ हैं क्योंकि वे एक आम परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता मानते हैं कि उन्हें शासन करने का दिव्य अधिकार है, इसलिए उन्हें यह सहन नहीं हो रहा कि एक आम आदमी कुशलता से सरकार चला रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं ने लंबे समय तक लोगों को गुमराह किया, लेकिन अब लोग उनके भ्रामक प्रचार में नहीं आने वाले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों ने उत्तर काटो मैं चढ़ां की राजनीति करने वाली पार्टियों को सत्ता से दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमारी सरकार को सेवा करने का मौका दिया है और वे लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी लगन के साथ काम करेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्षी दलों के नेता उनकी आलोचना इसलिए करते हैं क्योंकि हमारी सरकार द्वारा जनहित में फैसले लिए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here