पद्म पुरस्कारों के लिए 10 अगस्त तक करें आवेदन

Apply, Padma Awards, State Government, Haryana

चंडीगढ़(सच कहूँ ब्यूरो)। प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी, 2018 को गणतंत्र दिवस के अवसर घोषित किए जाने वाले सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कारों (पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस बाबत मुख्य सचिव द्वारा राज्य के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, मंडलायुक्त तथा सभी उपायुक्तों को पत्र भेज दिए गए हैं। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पद्म पुरस्कार नामत: पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार हैं।

ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों या संकायों में प्रतिष्ठित और असाधारण उपलब्धियों या सेवा के लिए दिये जाते हैं। प्रवक्ता के अनुसार मुख्यसचिव द्वारा आदेश जारी हुए हैं कि नामांकन 10 अगस्त तक निर्धारित प्रपत्र पर राज्य सरकार को भेजे जाने चाहिए ताकि राज्य सरकार की समिति केन्द्र को भेजने से पहले उनकी सिफारिशों या नामांकनों पर विचार कर उन्हें अंतिम रूप दे सके।

सरकारी कर्मचारी नहीं कर सकते आवेदन

प्रपत्र में संबंधित व्यक्ति का पूरा नाम, पता, जन्म तिथि, उस व्यक्ति के जीवन की प्रमुख घटनाओं व उसके वर्तमान व्यवसाय या पद का विवरण हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होना चाहिए। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त सिफारिशों पर विचार नहीं किया जाएगा। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोडकर, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारियों समेत सरकारी कर्मचारी पदम पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं होंगे।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।