हमसे जुड़े

Follow us

15.8 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home देश अतिरिक्त पुलि...

    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दो लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

    r Arrested

    श्रीगंगानगर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृतलाल जीनगर को एक दलाल सहित दो लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि जीनगर को गिरफ्तार करने के दौरान उनके सुरक्षाकर्मी ने एसीबी के अधिकारी पर गोली चला दी जिसमें वह बाल बाल बच गये। सूत्रों के अनुसार रायसिंहनगर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सरकारी निवास पर देर रात करीब डेढ़ बजे जयपुर और सीकर से तीन-चार वाहनों में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारी एकाएक पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृतलाल जीनगर के निवास को घेर लिया और कुछ ही देर में उन्हें दो लाख की रिश्वत लेने के जुर्म में पकड़ लिया।

    इस कार्रवाई के दौरान अमृतलाल जीनगर के एक सुरक्षाकर्मी ने ब्यूरो के दल पर गाेली चला दी। इससे इस कार्रवाई में शामिल ब्यूरो के एक अधिकारी बाल बाल बच गये। रायसिंहनगर पुलिस थाना के पीछे हुए इस घटनाक्रम से हड़कंप मच गया। गोली की आवाज सुनते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दूसरे पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर आ गए। सूत्रों के मुताबिक एसीबी की जयपुर और सीकर से आई टीमें अमृतलाल जीनगर, दलाल और सुरक्षाकर्मी को पकड़ कर श्रीगंगानगर में एसीबी की चौकी में लेकर तड़के 4:30 बजे पहुंची। तभी से वे अपनी कार्रवाई करने में व्यस्त हैं। अधिकृत रूप से ब्यूरो द्वारा कोई जानकारी नहीं दी जा रही कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को किस मामले में रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। अलबत्ता ब्यूरो के सूत्रों ने अमृतलाल जीनगर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किये जाने की पुष्टि की है।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।