शख्शियत: छोटी उम्र में किया बड़ा मुकाम हासिल

good

सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है: डॉ. मनीष बंसल

सच कहूँ/मनोज सोनी
भट्टूकलां। जिद्द…जज्बा…ओर जुनून अगर व्यक्ति में है तो उसे दुनिया की कोई भी ताकत आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। कोई भी मनुष्य तभी आगे बढ़ सकता है, जब वह सकारात्मक सोच रखे क्योंकि नकारात्मक सोच हमें कभी भी आगे नहीं बढ़ने देती। उक्त विचार गुजरात के जिला महिसागर के कलेक्टर डॉ. मनीष बंसल ने रविवार को भट्टू मंडी के मॉडल टाउन में अपने बहनोई सतीश गर्ग के आवास पर पहुंचने के उपरांत सच कहूँ संवाददाता से हुई बातचीत के दौरान व्यक्त किए। उनका यहां पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों, फूल मालाएं पहनाकर व तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

डॉ. बंसल ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला के गांव नुवां के निवासी है। और शिक्षा-दीक्षा हनुमानगढ़ गंगानगर में हुई है। काफी मेहनत व संघर्ष के बाद 2013 में उनका सलेक्शन आईएएस की पोस्ट पर हुआ था। वर्तमान में वे गुजरात के महिसागर जिला में बतौर कलेक्टर अपनी सेवाएं दे रहे है। उन्होंने कहा कि युवा नशों से दूर रहकर और अपने मेहनत के बलबूते पर अपनी मंजिल हासिल करें।

दूसरों को बदलने से पहले हमें स्वयं को बदलना होगा

डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि हम किसी काम के बारे में तो सोचते हैं लेकिन उसे करने में टालमटोल रवैया अपनाते हैं। समय निकल जाता है और हम हाथ मलते रह जाते हैं। हमें जो काम करना है आलस्य त्याग कर पूरी प्लानिंग के साथ जुट जाना चाहिए। सफलता तभी हासिल होगी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर हम आत्मविश्वास और ज्ञान की कमी के कारण भी कोई नई शुरूआत करने से डरते हैं। लक्ष्य तक पहुंचने हमें उस काम में जुटना ही होगा। इससे आत्मविश्वास जागृत होगा और लक्ष्य तक पहुंचने नए रास्ते भी स्वयं बनते जाएंगे। प्रतिस्पर्धा के इस युग में स्वयं को आगे रखना है तो भीड़ से हट कर कुछ अलग करना होगा।

यह तभी संभव है जब हम किसी असंभव से लगने वाले काम को करने का रिस्क लें। क्योंकि रिस्क लेकर चलने वाला ही आगे बढ़ता है। संकल्प ऐसा करो जो दुनिया को हिला दे। स्वयं में बदलाव कर दूसरों को बदलें आमतौर पर हम सोचते हैं कि हमारे बच्चे आदर्शवान बने। यह तभी संभव है, जब हम खुद ऐसा बने। हमें अपने परिवार के सामने स्वयं को उदाहरण स्वरूप प्रस्तुत करना होगा तभी अपने बच्चों व परिवार के सदस्यों से जो रिजल्ट चाहते हैं वह मिल सकता है। लिहाजा दूसरों को बदलने के लिए हमें पहले स्वयं को बदलना होगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।