ओसामा बिन लादेन के बेटे अलकायदा सरगना हमजा की मौत, 10 लाख डॉलर का था इनाम

Hamza bin Laden

वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिकी खुफिया जानकारी के मुताबिक अल कायदा सरगना रह चुके ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन की मौत हो गई है। अमेरिकी कार्रवाई में ओसामा के मारे जाने के बाद हमजा ही अल कायदा की कमान संभाल रहा था। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने उसकी मौत के कारण की जानकारी नहीं दी है। राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने इस बारे में पूछे जाने पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। गौरतलब है कि इसी साल मार्च में अमेरिका ने हमजा की नागरिकता छीनते हुए उस पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था। अमेरिका ने उसे अल कायदा का मुख्य सरगना बताते हुए उनकी जानकारी देने पर इनाम देने की घोषणा की थी।

30 साल के हमजा का अंतिम बयान अल कायदा की मीडिया विंग ने 2018 में जारी किया था। इसमें उसने सऊदी अरब को धमकी दी थी। हमजा ने वहां के लोगों को सऊदी अरब के खिलाफ विद्रोह के लिए उकसाया था। लंबे समय से उसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। हालांकि उसके शादी करने की बात सामने आई थी।

अमेरिका ने हमजा पर इनाम घोषित किया था

इसी साल मार्च में अमेरिका ने हमजा का पता बताने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 7.1 करोड़ रु.) का इनाम देने का ऐलान किया था। अमेरिका ने कहा था कि हमजा पिता की मौत का बदला लेने के लिए उस पर और उसके सहयोगी देशों पर हमले की साजिश रच रहा है। इसी महीने में सऊदी अरब ने भी हमजा की नागरिकता रद्द कर दी थी।

हमजा ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले के आरोपी की बेटी से शादी की

हमजा बिन लादेन ने 9 सितंबर 2001 को अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में शामिल आतंकी मुहम्मद अता की बेटी से शादी की थी। अता विमान को हाईजैक करने वाले आतंकियों का चीफ था। ओसामा के सौतेले भाइयों अहमद और हसन ने ब्रिटिश अखबार द गार्जियन से बात करते हुए शादी की पुष्टि की थी।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।