प्राईवेट कंपनी करेगी सर्वे, महिलाओं को आ रही परेशानियों संबंधी भी देगी रिपोर्ट
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब में 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस सफर करवाने वाली पंजाब सरकार अब इस मुफ्त बस सफर का सर्वे भी करवाने जा रही है कि पंजाब में इस मुफ्त बस सफर का इम्पैक्ट क्या पड़ा है। क्या इस मुफ्त बस सफर से महिलाएं खुश हैं या फिर उनको इस मुफ्त सफर को आसान करने के लिए कुछ और भी चाहिए। इस सर्वे में महिलाओं को मुफ्त सफर दौरान क्या-क्या फायदे मिल रहे हैं व कौन-कौनसी परेशानियां आ रही हैं, इस संबंधी भी डिटेल में रिपोर्ट तैयार की जाएगी। पंजाब सरकार इस सर्वे के द्वारा जहां महिलाओं को और ज्यादा फायदा देने की कोशिश करेगी, वहीं सरकार के प्रति महिलाओं की क्या सोच है, इसका भी पता किया जाएगा। महिलाओं की सोच के सर्वे द्वारा फायदा-नुक्सान के बारे में ‘आप’ देखेगी ताकि पार्टी प्रति महिलाओं को भी पॉजीटिव किया जा सके। Chandigarh News
जानकारी के अनुसार पंजाब की सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को पंजाब में सरकारी बसों में मुफ्त सफर देने का फैसला किया था व जिसके बाद अब तक पंजाब की 1 करोड़ 40 लाख के करीब महिलाओं को मुफ्त बस सफर का लाभ मिल रहा है। पंजाब सरकार को इस मुफ्त बस सफर का लाभ देने के बदले अपने खजाने में से हर साल करोड़ों रुपये खर्च भी करने पड़ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी की सरकार ने अब इस बस सफर के फायदे व नुक्सान का आंकलन करने के लिए सर्वे करवाने का फैसला लिया है व मई माह से पंजाब में इस सर्वे को शुरु किया जा सकता है। इस सर्वे को प्राईवेट कम्पनी से करवाने का फैसला लिया गया है, इस सर्वे को मुकम्मल करने के लिए 7 माह का समय प्राईवेट कम्पनी को दिया जाएगा। सर्वे करने वाली कम्पनी को अपनी रिपोर्ट में 6 नुक्तों को खास तौर पर देखना होगा। सर्वे रिपोर्ट में बताना होगा कि मुफ्त सफर ने महिलाओं को किस तरीके से प्रभावित किया है। क्या स्वास्थ्य सेवाएं व रोजाना की गतिविधियों से रिश्तेदारी में जाने के मौके पहले से ज्यादा मिल रहे हैं? मुफ्त सफर से महिलाओं को वित्तीय तौर पर क्या फायदा हुआ है व इस मुफ्त सफर से महिलाओं को हो रही बचत को कहां खर्च किया जा रहा है। Chandigarh News
क्या मुफ्त सफर से सार्वजनिक जीवन में महिलाओं को अपनी भागीदारी बढ़ाने में ज्यादा अवसर मिले हैं? व अब तक हाशिये पर रही महिलाओं को किस तरीके से मुफ्त सफर ने अपना योगदान दिया है। सर्वे रिपोर्ट को यह भी बताना होगा कि क्या प्राईवेट की जगह सरकारी ट्रांसपोर्ट में महिलाएं अपने आप को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं व महिलाओं के लिए सरकारी ट्रांसपोर्ट में क्या-क्या सुधार खुद महिलाएं चाहती हैं।
पंजाब सरकार प्रति महिलाओं की सोच के बारे में भी पता करेगी सर्वे टीम
पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे इस सर्वे में महिलाओं की सरकार के प्रति क्या सोच है, इस संबंधी भी सर्वे टीम पता करने की कोशिश करेगी ताकि इस सर्वे के साथ-साथ पंजाब सरकार अपने प्रति भी महिलाओं से पूछताछ कर सके। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को पता है कि पंजाब में अब 50 फीसदी के लगभग महिला वोटर हैं तो महिलाओं के दिल में सरकार के प्रति क्या है? इस संबंधी वह पता करवाने के लिए काफी ज्यादा कोशिश में लगी हुई है ताकि अगर महिलाएं सरकार के प्रति ज्यादा ठीक सोच नहीं रख रहीं, तो समय रहते हुए उनकी सोच को ठीक किया जा सके।
यह भी पढ़ें:– Bulldozer: अवैध कॉलोनियों पर लगातार कार्रवाई कर रहा डीटीपी