पिता को छुड़वाने गए युवक को धक्के मारकर भगाया, तीन नामजद
हनुमानगढ़। तीन व्यक्तियों ने मिलकर अधेड़ उम्र के शख्स को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की व लाठी से चोट मारकर पैर तोड़ दिया। इसका पता चलने पर अधेड़ को छुड़वाने आए उसके बेटे को इन लोगों ने धक्के मारकर भगा दिया। अधेड़ के बेटे की रिपोर्ट के आधार पर जंक्शन पुलिस थाना में तीन व्यक्तियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सनमुख सिंह (25) पुत्र सुखवंत सिंह जटसिख निवासी वार्ड पांच, गांव सतीपुरा हाल क्राउन सिटी, जंक्शन ने लिखित रिपोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि 5 अप्रैल को उसके पिता सुखवंत सिंह घर से अचानक गायब हो गए। उनकी तलाश एवं पूछताछ की मगर कोई पता नहीं चला। Hanumangarh News
12 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे उसे सतीपुरा के पास कर्मजीत सिंह पुत्र गुरदर्शन सिंह निवासी चक ज्वालासिंहवाला मिला। उसने कर्मजीत सिंह से अपने पिता के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसके पिता सुखवंत सिंह 5 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे प्रेम कुमार पुत्र रामकुमार कुम्हार निवासी मुण्डा हाल चक 50 एनजीसी, सतीपुरा ईंट भट्ठा, नजदीक मदान इण्टरनेशनल स्कूल सतीपुरा, रामनिवास उर्फ रामा निवासी चक 50 एनजीसी, सतीपुरा ईंट भट्ठा एवं सुखविन्द्र उर्फ काला सिंह पुत्र गुरदेव सिंह जटसिख निवासी वार्ड पांच, गांव सतीपुरा के साथ में ईंट भट्ठा की तरफ जा रहा था।
सुखवंत सिंह को ऊपर की मंजिल में एक कमरे में बंद कर रखा था
इस पर वह 12 अप्रैल को ईंट भट्ठा पर गया तो प्रेम कुमार, रामनिवास उर्फ रामा व सुखविन्द्र उर्फ काला सिंह ने उसके पिता सुखवंत सिंह को ऊपर की मंजिल में एक कमरे में बंद कर रखा था। उसके पिता के बाएं पैर के ऊपर प्लास्टर किया हुआ था। उसके पिता ने बताया कि इन लोगों ने उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की। प्रेम कुमार ने उसके गिरे हुए पर बाएं पैर की एडी पर लाठी की चोट मारी। इससे उसके पैर की हड्डी टूट गई व कहा कि अब यह कहीं भागकर नहीं जा सकेगा।
सनमुख सिंह के अनुसार उसके पिता के इतने बताते ही प्रेम कुमार, रामनिवास उर्फ रामा व सुखविन्द्र उर्फ काला सिंह ने उसे धक्के मारकर वहां से भगा दिया। इन लोगों ने उसके पिता सुखवंत को बंधक बनाकर रखा हुआ था। उनके साथ मारपीट की हुई थी व शरीर पर चोटें लगी हुई थीं। सनमुख सिंह के अनुसार प्रेम कुमार नशेड़ी एवं आपराधिक प्रवृति का है। उसके खिलाफ टाउन पुलिस थाना में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके पिता का जीवन खतरे में है। प्रेम कुमार, रामनिवास उर्फ रामा व सुखविन्द्र उर्फ काला सिंह उसके पिता के साथ कोई भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश एएसआई राजेन्द्र कुमार के सुपुर्द की है। Hanumangarh News
Ghaziabad: सुधर जाएं बिल्डर, किसानों के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं होगी :बिजेंद्र सिंह