शंभू बॉर्डर: किसानों को अपना सामान ले जाने से कोई रोक नहीं: पुलिस अधिकारी
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Shambhu Border News: शंभू बॉर्डर पर पुलिस द्वारा लिए गए एक्शन के बाद वीरवार को दूसरे दिन भी शंभू बॉर्डर को क्लीन करने की कार्रवाई जारी रही। हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर पहले एक सड़क से कंक्रीट की दीवारें व अन्य सामान को हटाया, उसके बाद शाम को दूसरी तरफ की सड़क पर रखे सामान को हटा दिया। इसके साथ ही पंजाब की तरफ से किसानों के रहते आरजी घरों व उनके मलबे सहित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को हटाने का काम बड़े स्तर पर चलता रहा। Patiala News
जानकारी के अनुसार शंभू बॉर्डर को खाली करवाने का पुलिस का कल रात से शुरू किया काम लगातार जारी है। शंभू बॉर्डर पर आज की स्थिति यह रही कि पुलिस ने तोड़े आरजी घरों के मलबे को हटाने का काम मजदूरों को सौंप दिया और वह इसे हटाने में लगे रहे। इसके साथ ही जो ठिकाने रह गए थे, आज उनको भी तहस नहस कर यहां से हटाया जा रहा था। इसके साथ ही किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी यहां एक खुली जगह पर शिफ्ट किया जा रहा था। इस दौरान कई किसान यहां अपना सामान लेने पहुंचे। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसान अपना जो भी सामान है, वह ले जा सकते हैं और उनको कोई मनाही नहीं है।
इसके अलावा हरियाणा पुलिस ने लगाई कंक्रीट दीवारों आदि को हटाने के लिए दर्जन के करीब हाईडर मशीनें व जेबीसी आदि लगातार चलवाई जा रहा थीं। शंभू बॉर्डर पर पहुंचे हरियाणा के डीआईजी हरमनवीर सिंह गिल ने कहा कि दोनों तरफ का रास्ता खुल गया है और अभी केवल छोटे वाहनों की आवाजाही हो रही है और कल तक बड़े वाहन भी इस रास्ते से चलने शुरु हो जाएंगे। उन्होेंने कहा कि किसान अपनी मशीनरी व अन्य सामान यहां से लेकर जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी 2024 को शंभू बॉर्डर पर किसानोंं ने मोर्चा लगाया था, जो 19 मार्च 2025 को सरकार ने इसे यहां से उठाया है।
केन्द्रीय जेल पटियाला में पंधेर सहित 100 से अधिक किसान बन्द | Patiala News
इधर वीरवार सुबह पटियाला के केन्द्रीय जेल में किसान नेताओं सहित 100 से अधिक किसानों को लाया गया। किसान मजदूर मोर्च के नेता स्वर्ण सिंह पंधेर, बुजुर्ग नेता सतनाम सिंह बहरू, सुखजीत सिंह हरदोंझंडे, काका कोटड़ा, मनजीत सिंह राए, करनैल सिंह लंग, गुरध्यान सिंह स्यूना सहित 100 से अधिक किसान नेताओं को केन्द्रीय जेल पटियाला में रखा गया है। इसके अलावा कुछ किसान महिलाओं को भी यहां लाया गया है। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को देर रात कमाडों कॉम्पलैक्स बहादरगढ़ से जालंधर शिफ्ट कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें:– मिठाई की दुकान पर फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार