भगवंत सिंह मान का भ्रष्टाचार के आगे न झुकने का ऐलान, भविष्य में भी जारी रहेगी लड़ाई

Bhagwant Mann

भगवंत सिंह मान की अपील, कोई पैसे मांगे तो करें एंटी करप्शन एक्शन लाइन नंबर 9501200200 पर फोन

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी आम आदमी पार्टी की सरकार में किसी भी भ्रष्ट अधिकारी के आगे झुकने से साफ इनकार करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों से सख्ती से निपटेगी।

भगवंत सिंह मान ने पिछले 2 सालों के दौरान कई बार अपना यह स्टैंड आम जनता के सामने रखा है और अब एक बार फिर से तहसीलदारों द्वारा हड़ताल करने के मामले में भगवंत सिंह मान ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त स्टैंड लेते हुए साफ तौर पर कहा कि राज्य सरकार भ्रष्ट अफसरों के आगे झुकेगी नहीं जो रिश्वतखोरी के आरोपों में पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

भगवंत सिंह मान ने भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन एक्शन लाइन नंबर 9501200200 भी जारी कर दिया है और आम जनता से अपील की है कि अगर उनके इलाके में कोई भी पुलिस या फिर सिविल अधिकारी पैसे की मांग करता है तो वह एंटी करप्शन एक्शन लाइन नंबर 9501200200 पर फोन या फिर व्हाट्सएप करते हुए उस अधिकारी के खिलाफ जानकारी दे सकते हैं।

इस जानकारी मिलने के तुरंत बाद ही उस भ्रष्ट अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आप सरकार की ओर से भ्रष्टाचार के प्रति कोई लिहाज न करने की नीति पर पहरा दिया जा रहा है। हम सरकार पर दबाव बनाने की योजनाओं के आगे झुकेंगे नहीं और इन भ्रष्ट व अहंकारी अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। भगवंत सिंह मान ने साफ तौर पर कहा कि पंजाब में अधिकारी आम लोगों को रोजाना परेशान करते हैं पर इसे और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और सरकार इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इसमें सिर्फ तहसीलदार ही नहीं बल्कि पुलिस और सिविल के अधिकारी भी शामिल हैं।

भगवंत मान की सरकार किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है, क्योंकि पंजाब में आम जनता का अधिकार बनता है कि वह अपने कामों को बिना किसी पैसे के करवाएं।

भगवंत सिंह मान ने बीते सप्ताह ही स्पष्ट किया है कि पंजाब में कई अफसर प्रदेश सरकार से मोटा वेतन ले रहे हैं पर लोगों को सेवाएं नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि इसे सहन नहीं किया जा सकता क्योंकि लोकतंत्र में लोग सबसे ऊपर हैं और अधिकारी उनके प्रति जवाबदेह हैं।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार को ब्लैकमेल करते हुए कई विभागों के अधिकारी छुट्टी पर जाने की धमकी तक दे चुके हैं पर वह बताना चाहते हैं कि जो भी अधिकारी काम नहीं करना चाहते तो राज्य सरकार के पास बहुत सारे बेरोजगार नौजवान हैं जो पहले ही उनकी जगह पर काम करने का इंतजार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के भ्रष्ट अधिकारी अपने भ्रष्ट तरीकों से कई पीढ़ियों से लोगों को परेशान कर रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पूरी तरह गैर वाजिब और अनुचित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन अधिकारियों को मनमानी नहीं करने देगी।