कांग्रेस के 71वर्षीय दिग्गज नेता अहमद पटेल का निधन

Ahmed Patel

नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार सुबह साढ़े तीन बजे निधन हो गया। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। इलाज के दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनके बेटे फैसल पटेल ने ट्विटर पर अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की। फैसल ने लिखा, “एक साथ कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था जिसकी वजह से उनका निधन हो गया। अपने सभी शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस वक्त कोरोना वायरस के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी सामूहिक आयोजन में जाने से बचें।” 71 वर्षीय पटेल अक्टूबर में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उन्होंने ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी।

उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें 15 नवंबर को मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल का जन्म 21 अगस्त 1949 को गुजरात में भरुच ज़िले के पिरामल गांव में हुआ था। उस वक्त भरूच कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। वह पहली बार 1977 में 26 वर्ष की आयु में भरूच से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। पटेल यहां से तीन बार लोकसभा सांसद चुने गए। पार्टी में धीरे-धीरे उनका कद बढ़ता गया और 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव बनाए गए। पटेल को 1986 में गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। वह 1988 में गांधी-नेहरू परिवार द्वारा संचालित जवाहर भवन ट्रस्ट के सचिव बनाए गए। वह सोनिया और राजीव दोनों के विश्वासपत्र रहे। वह तीन बार लोकसभा सांसद के अलावा पांच बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके थे।

अहमद पटेल के निधन पर राष्ट्रपति ने जताया शोक

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक जताया है। कोविंद ने बुधवार को ट्वीट के जरिए दिए गए अपने शोक संदेश में कहा, “ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। पटेल न केवल दक्ष सांसद थे, बल्कि उनमें कुशल रणनीतिकार का कौशल और जननेता का जादू भी समाहित था। ” उन्होंने आगे कहा, “ अपने मैत्री भाव के कारण पार्टी के बाहर भी उन्होंने दोस्त बनाए थे। उनके परिजनों और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं। ”

Modi congratulated the countrymen on Dhanteras

प्रधानमंत्री ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पटेल का कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते गुड़गांव के वेदांता अस्पताल में अस्पताल में उपचार चल रहा था जहां उनकी मृत्यु हो गई। मोदी ने एक ट्वीट संदेश में कहा है, “अहमद पटेल जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक समाज की सेवा की। अपनी तीक्ष्ण बुद्धि के लिए जाने जाने वाले पटेल का कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में योगदान हमेशा याद किया जाएगा।” उनके पुत्र फैजल से बात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की। भगवान से प्रार्थना है की अहमद भाई की आत्मा को शांति प्रदान करें।

अहमद के निधन पर सोनिया ने जताया गहरा शोक

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के समर्पित तथा विश्वसनीय नेता थे और उनके निधन से पार्टी को गहरी क्षति हुई है। गांधी ने यहां जारी शोक संदेश में कहा , “ अहमद पटेल के रूप में मैंने अपना एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिसका जीवन कांग्रेस को समर्पित रहा है। उनकी ईमानदारी, समर्पण और काम के प्रति जो निष्ठा रही है वह उन्हें दूसरों से अलग नेता के रूप में स्थापित करती है।” उन्होंने कहा , “ मैंने एक ऐसा निष्ठावान सहयोगी और मित्र खो दिया है जिसका विकल्प संभव नहीं है। मैं उनके निधन से सदमे में हूं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।” गौरतलब है पटेल का आज सुबह 3:30 बजे निधन हो गया।वह करीब एक महीने पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

अमित शाह ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शाह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा , “ कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। अहमद पटेल जी का कांग्रेस पार्टी और सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान रहा। मैं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

अहमद पटेल के निधन पर नायडू में जताया शोक

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें सद्भाव वाला व्यक्ति बताया है। नायडू ने यहां बुधवार को एक संदेश में कहा कि वह एक योग्य सांसद थे और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के उनके सौहार्दपूर्ण संबंध थे। उन्होंने कहा, “ राज्य सभा के सदस्य अहमद पटेल जी के निधन का समाचार पाकर स्तब्ध हूं। वरिष्ठ सांसद पटेल अपने संसदीय अनुभव, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण सम्बन्धों के लिए जाने जाते थे। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति तथा उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करें।”

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।