ज्ञानचंद गुप्ता बने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष

Haryana Assembly Session

14वीं हरियाणा विधानसभा सत्र : सीएम मनोहर व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत और विपक्ष के नेता हुड्डा सहित विधायकों ने ली शपथ

  • पक्ष और विपक्ष ने सर्वसम्मति से किया चयन

चंडीगढ़ (अनिल कक्कड़\सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में पंचकूला से भाजपा के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को राज्य की 14वीं विधानसभा का सर्वसम्मति से सोमवार को अध्यक्ष चुन लिया गया। विधानसभा के प्रथम सत्र की कार्यवाही शुरू करने के लिए नियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष डा. रघुवीर सिंह कादियान द्वारा अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया का ऐलान किए जाने पर मुख्यमंत्री एवं सदन के नेता मनोहर लाल खट्टर ने अध्यक्ष पद के लिए गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया तथा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इसका अनुमोदन किया। सदन में सत्ता और विपक्ष के सदस्यों में से किसी ने भी प्रस्ताव का विरोध नहीं किया।

वहीं हरियाणा की 14वीं विधानसभा के 90 नवनिर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राज्य विधानसभा के आज से शुरू हुए प्रथम सत्र में कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष डा. रघुवीर सिंह कादियान ने इन सदस्यों कों शपथ ग्रहण दिलाई। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शपथ ग्रहण की। उन्होंने हिंदी में शपथ ग्रहण की।

उनके बाद उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी हिंदी में शपथ ग्रहण की। चौटाला समेत आठ सदस्यों ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की। सदन में कमल गुप्ता और राम कुमार समेत तीन भाजपा विधायकों ने संस्कृत में तो हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान संदीप सिंह समेत दो सदस्यों ने पंजाबी में तथा शेष ने हिंदी में शपथ ग्रहण की। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में इस बार 44 सदस्य पहली बार चुन कर आए हैं। जबकि पिछली विधानसभा के सदस्यों में 30 पुन: चुन कर आए हैं। पिछली विधानसभा में महिला सदस्यों की संख्या 13 थी लेकिन इस बार नौ महिला विधायक सदन में चुन कर आई हैं।

विज और कादियान ने छठी बार विधायकी का स्वाद चखा

विधानसभा में जहां 43 नए सदस्यों ने शपथ ली। वहीं कई सदस्य अनेक बार विधायक बन चुके हैं। प्रोटेम स्पीकर बने कांग्रेसी विधायक रघुबीर सिंह कादियान सबसे बुजुर्ग विधायक होने के साथ वे सदन के छठी बार सदस्य बने हैं। वे लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं। उनके साथ ही छठी बार विधानसभा पहुंचने वाले दूसरे विधायक भाजपा के अनिल विज हैं।

सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई देता हूँ। ज्ञानचंद जी को सर्वसम्मति से स्पीकर चुने जाने पर बधाई देता हूँ। आशा करता हूँ कि उनका अनुभव सदन के लिए बहुत काम आएगा
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला

सीएम मनोहर ने हुड्डा को दी बधाई

सदन में 31 सदस्यों वाली कांग्रेस के विधायक दल के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सदन में विपक्ष के नेता पद के रूप में मान्यता दिए जाने पर खट्टर ने उन्हें बधाई दी और कहा कि विपक्ष की लोकतंत्र में अहम भूमिका होती है। उन्होंने विपक्ष से सदन में प्रदेश और जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक भूमिका अदा करने की भी अपील करने के साथ उसे मात्र विरोध और टीका टिप्पणी करने के लिए अपनी भूमिका का इस्तेमाल न करने की भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार और विपक्ष अगर सही ढंग से सामंजस्य कायम करें और इसके सार्थक परिणाम आ सकते हैं और दोनों ही लोगों की अकांक्षाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर सकते हैं।

सारे प्रदेश को सरकार से उम्मीद है। हम कन्स्ट्रक्टिव विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। किसान मुश्किल में है, पराली वो अपनी खुशी से नहीं जलाता। सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए ताकि किसान की मदद हो सके।
कुमारी सैलजा, प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस

 

Post By Rahul Arora

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।