‘विपक्ष का मकसद सत्ता राज का सुख भोगना : मनो

Manohar Lal

जन आशीर्वाद यात्रा। सुभाष चौक पर आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

सच कहूँ/सुनील वर्मा

सरसा। मुख्यमंत्री मनोहरलाल की जन आशीर्वाद यात्रा 18वें दिन सरसा जिला में पहुंची। यात्रा जिला के लगभग 50 गांवों में पहुंची और मुख्यमंत्री ने सभी पांचों सरसा, रानियां, ऐलनाबाद, कालांवाली व डबवाली विधानसभा क्षेत्रों के लोगों का आशीर्वाद लिया। जिला में यात्रा का समापन सुभाष चौक पर शुक्रवार देर रात हुआ। अब तक जन आशीर्वाद यात्रा ने प्रदेश की 88 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर लिया। स्थानीय सुभाष चौक पर आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विपक्षी पार्टियों विशेषकर कांग्रेस व इनेलो पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने लोगों को कांग्रेस व इनेलो के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार रूपी खेल की सच्चाई से अवगत करवाया।

इससे पूर्व यहां पहुंचने पर पार्टी के जिला पदाधिकारियों व नेताओं ने मुख्यमंत्री को गदा भेंट की, जिसे मुख्यमंत्री ने ऊपर हवा में घुमाकर लोगों का अभिवादन किया। सांसद सुनीता दुग्गल, नंदलाल गोयल व जिला प्रधान यतिंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को पुष्प भेंट किए। जबकि मंत्री कर्ण देव कंबोज, डॉ. बनवारी लाल व सांसद संजय भाटिया ने पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सिख समाज ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद स्वरूप सिरोपा भेंट किया। कांग्रेस व इनेलो पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि दोनों की सरकारों में सत्ता राज का मतलब सुख भोगना था, जबकि हमारा ध्यय लोगों की सेवा करना है।

  • विधायक मक्खनलाल ने सीएम को भेंट किया गदा

सरसा विधानसभा क्षेत्र की ओर से मक्खनलाल सिंगला ने सभी भाजपा नेताओं के साथ मुख्यमंत्री मनोहरलाल को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने में कारगर हथियार गदा भेंटकर उनका उत्साहवर्द्धन किया और अपनी ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

  • मुख्यमंत्री सही मायने में विकास पुरुष: सुनीता

मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा का बीते शुक्रवार को भाजपा नेत्री सुनीता सेतिया व युवा भाजपा नेता गोकुल सेतिया के नेतृत्व में जनता भवन रोड पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने न केवल सेतिया परिवार के इस आयोजन के लिए बधाई दी बल्कि साफ कहा कि ऐसा आयोजन और उनके समर्थकों का उत्साह देखकर वे गदगद हैं। गोकुल सेतिया ने मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप शहीद भगत सिंह की प्रतिमा भेंट की। वहीं सुनीता सेतिया ने कहा कि सही मायने में मुख्यमंत्री मनोहरलाल विकास पुरुष हैं।

  • सरसा को मिली 85 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

सच कहूँ/सुनील वर्मा सरसा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्रामगृह में 84 करोड़ 80 लाख रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को 13 परियोजनाओं का शिलान्यास व 7 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने 62 करोड़ 20 लाख 10 हजार रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं मेंं गांव बाजेकां में पाइप लाइन बिछाने व वाटर वर्क्स का जीर्णोद्घार का कार्य, गांव केलनिया में 545.80 लाख रुपए की लागत से स्वतंत्र वाटर वर्क्स, गांव भावदीन में 302 लाख रुपए की लागत से बूस्टिंग स्टेशन, कोटली में 357.50 लाख रुपए की लागत से बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण व वितरण प्रणाली का जीर्णोद्धार, गांव नौरंग व हस्सू में 205 लाख रुपए की लागत से वाटर वर्क्स, गांव राजपुरा माजरा में 149.20 लाख रुपए की लागत से स्वतंत्र वाटर वर्क्स, गांव खुईयां मलकाना में 283.55 लाख रुपए की लागत से वाटर सप्लाई स्कीम के तहत जीर्णोद्धार, गांव गंगा में 2469.05 लाख रुपए की लागत से वाटर सप्लाई एवं सीवरेज स्कीम व एसटीपी का निर्माण, कालांवाली के हुडा सेक्टर आर-3, ममेरा रोड़, पन्नीवाला मोटा, गांव चक्कां में 33केवी सब स्टेशन का निर्माण तथा सीडीएलयू के सेंटर फॉर डिस्टेंस का निर्माण कार्य शामिल है।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।