किसान बोले, ठंड व धुंध से गेहूं को मिलेगी नई रंगत

Pilibanga News
गेहूं बिजाई कार्य जोरों पर, आगामी दस दिनों में हो जाएगी गेहूं की बिजाई

ये मौसम रबी की फसल के अनुकूल

ओढां। (सच कहूँ/राजू) सोमवार को मौसम ने यूटर्न लिया। पूरा दिन धुंध व कड़ाके की ठंड के नाम रहा। सुबह-सवेरे छाई घनी धुंध में कम दृश्यता होने के चलते सड़कों पर वाहन रफ्तार की बजाय रेंगते दिखाई दिए। ठंड की वजह से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे अलाव सेंकते नजर आए। बड़ी समस्या स्कूलों में जाने वाले बच्चों में देखने को मिली। ठंड से बचाने के लिए अभिभावकों ने अपने बच्चों को अच्छे ढंग से गर्म कपड़े पहनाकर स्कूल भेजा। हालांकि दोपहर को धूप खिलने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन फिर भी दिनभर ठंड बरकरार रही। गौरतलब हो कि मौसम विभाग ने सरसा में शीत लहर को लेकर 20 दिसंबर तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।

यह भी पढ़ें:– सावधान: WhatsApp पर आया मैसेज और फिर गायब हो गए 57 करोड़, जानें क्या है मामला

इस धुंध व ठंड आमजन ने आमजन को भले ही प्रभावित किया, लेकिन इसे गेहूं की फसल के लिए अत्यंत लाभकारी माना जा रहा है। सोमवार दोपहर को तापमान 22 डिग्री नोट किया गया। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ये तापमान गेहूं की फसल के अनुकूल है। यदि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से कम हो जाता है तो फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान चेतराम दादरवाल, लीलाधर जोशी, सुनील सहारण, जगदीश सहारण, सतपाल बड़जाती व आशाराम नेहरा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी रहने के चलते गेहूं की फसल में बढ़वार नहीं हो रही थी। जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त सिंचाई का सहारा लेना पड़ रहा था। किसानों ने कहा कि सोमवार को जो ठंड व धुंध पड़ी है उससे गेहूं की फसल को नई रंगत मिलेगी। अगर हल्की बरसात होती है तो फसलों के लिए अमृत साबित होगी।

पिछले कुछ समय से तापमान में बढ़ोतरी होने के चलते गेहूं की फसल में पीलापन नजर आने लगा था। इसके अलावा बढ़वार भी नहीं हो रही थी। सोमवार को मौसम गेहूं की फसल के अनुकूल रहा। ये ठंड व धुंध फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी। अभी 3-4 दिनों तक धुंध व कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। जिसके चलते रबी की फसलों को भरपूर फायदा होगा। आगामी सप्ताह तक बरसात की भी संभावना है।
                                                                – रमेश सहु, सहायक तकनीक अधिकारी (कृषि विभाग ओढां)।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।