इस बार हांसी विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमा सकते हैं सीएम मनोहर लाल!

Manohar Lal

तीन दिन में वोटरों की नब्ज टटोल गए मुख्यमंत्री | Manohar Lal

हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। लोकसभा व हरियाणा विधानसभा के चुनाव नजदीक आते ही चुनावी समीकरण पर रणनीति बननी शुरू हो चुकी है। विपक्ष जहां ‘विपक्ष आपके समक्ष’ नाम से हरियाणा में रैलियां आयोजित करने में व्यस्त है तो सत्तासीन सरकार इस वक्त ‘मुख्यमंत्री जन संवाद’ नाम से कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की नब्ज टटोलने में लगी हुई है।

वहीं हरियाणा की अन्य राजनीतिक पार्टियों भी अपना भविष्य तलाशने की कोशिश में है। हरियाणा प्रदेश में वर्तमान में हालांकि भारतीय जनता पार्टी के साथ संयुक्त गठबंधन में जननायक जनता पार्टी की मिली जुली सरकार है। लेकिन जैसे ही लोकसभा में विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे, दोनों पार्टियों में मतभेद उभर सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी के अलग-अलग चुनाव लड़ने के चर्च हरियाणा प्रदेश में पहले से ही चल रहे हैं।

राजनीति में कभी भी बन सकती है रणनीति !

राजनीति में ऐसा चलता है। किसी भी पार्टी का गठबंधन कभी भी बन सकता है व कभी भी टूट सकता है। पूर्व के भी ऐसे बहुत उदाहरण हैं। 2014 के हरियाणा विधानसभा के चुनाव में जब मनोहर लाल ने करनाल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था तो सभी चौंक गए थे। उससे भी ज्यादा लोग हैरान तब हुए थे, जब भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने करनाल के विधायक मनोहर लाल को हरियाणा के मुख्यमंत्री बना दिया था। इसके बाद दोबारा फिर हरियाणा में 2019 में विधानसभा चुनाव हुए पर तब भाजपा को स्पष्ट बहुमत तो नहीं मिला लेकिन जननायक जनता पार्टी के गठबंधन से सरकार जरूर बनी जो अब तक चलती आ रही है।

खट्टे मीठे अनुभव के साथ चल रही सरकार | Manohar Lal

खट्टे मीठे अनुभव के साथ यह सरकार अच्छे तालमेल के साथ आगे बढ़ रही है। इस बार सीएम मनोहर लाल को लेकर एक और चौंकाने वाली खबर हो सकती है! सीएम मनोहर लाल अपने पहले के विधानसभा क्षेत्र करनाल को छोड़कर हांसी विधानसभा क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं! या फिर हांसी व करनाल दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं! क्योंकि करनाल में इस वक्त भारतीय जनता पार्टी का किसान आंदोलन के कारण विरोध है।

पंजाबी समुदाय बाहुल्य क्षेत्र है हांसी

हांसी विधानसभा क्षेत्र पंजाबी समुदाय बाहुल्य क्षेत्र है। यहां से यदि सीएम मनोहर लाल चुनाव लड़ते हैं तो अपनी सीट निकालने में कामयाब हो सकते हैं। पर ऐसा हुआ तो हांसी के वर्तमान विधायक विनोद भ्याना की सीट पर संकट के बादल मंडरा सकते हैं या उन्हें किसी और विधानसभा की ओर ट्रांसफर कर सकते हैं।

जनसंवाद में दिल खोलकर की घोषणाएं

मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) ने 6 से 8 सितंबर तक हिसार जिले में रहकर हिसार जिले के गांव थुराना, ढाणा कलां, कुलाना,सातरोड,मिर्ज़ापुर,बहबलपुर,गुराना, नारनौंद व उगालन में लोगों से जन संवाद किया इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल खोलकर ग्रामीणों की मांगे भी पूरी की। पहली बार ऐसा दिखाई दिया, जिस भी ग्राम पंचायत ने जो कुछ मांगा वही मुख्यमंत्री ने मंजूर किया। इस दौरान लोगों की शिकायतें एकत्रित करते हुए लोकसभा चुनाव व विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए वोटरों की नब्ज जरूर टटोली। खास बात यह है कि पूरे प्रशासनिक अमले के बीच मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से केंद्र सरकार व हरियाणा भाजपा के पक्ष में वोट देने के लिए लोगों से हाथ खड़े करवाकर हामी भी भरवाई।

यह भी पढ़ें:– पशुधन क्रेडिट कार्ड योजना से पाएं तीन लाख का लोन