हॉकी प्रो लीग में पाकिस्तान से स्कॉटलैंड में खेलेगा भारत

Tokyo Olympics

नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत के लंदन में चल रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलने का देश में काफी विरोध हुआ था लेकिन अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की हॉकी प्रो लीग में भारतीय हॉकी टीम होम एंड अवे आधार पर पाकिस्तान से खेलेगी। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने अंतर्राष्ट्रीय टीमों की विशिष्ट हॉकी प्रो लीग शुरु करने का फैसला किया है जिसमें भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों के भाग लेने की पुष्टि कर दी गई है।

एफआईएच ने पुष्टि की है कि

हॉकी प्रो लीग की शुरुआत जनवरी 2019 में होगी। एफआईएच ने पुष्टि की है कि भारत की पुरुष और महिला टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। भारतीय पुरुष टीम विश्व रैंकिंग में छठे और महिला टीम 12 वें स्थान पर है। एफआईएच ने बताया कि इसमें दुनिया से नौ सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला टीमें हिस्सा लेंगी। यह लीग हर वर्ष होम एंड अवे आधार पर खेली जाएगी जिसमें कुल 144 मैच होंगे। इसके मुकाबले जनवरी से जून तक नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय पुरुष टीम को अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, बेल्जियम, इंग्लैंड/ग्रेट ब्रिटेन, जर्मनी, हॉलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान से खेलेगी।

पाकिस्तान की टीम अपने घरेलू मैच स्कॉटलैंड में खेलेगी। लेकिन उसे भारत का घरेलू मैच खेलने के लिए भारत आना होगा। पाकिस्तानी टीम गत वर्ष दिसंबर में भारत की मेजबानी में हुए जूनियर हॉकी विश्वकप में हिस्सा नहीं ले पाई थी। भारतीय पुरुष टीम ने पिछले कुछ वर्षों में अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया है। उसने 2016 में लंदन में चैंपियंस ट्रॉफी का रजत पदक और उसी साल एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने 2016 के अंत में जूनियर विश्वकप का खिताब भी जीता।

भारतीय महिला टीम ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार दिखाया है और उसने 36 वर्ष के लम्बे अंतराल के बाद पिछले वर्ष रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था। महिला टीम ने भी 2016 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय महिला टीम अर्जेंटीना, आॅस्ट्रेलिया, चीन, इंग्लैंड/ग्रेट ब्रिटेन, जर्मनी, हॉलैंड, न्यूजीलैंड और अमेरिका से खेलेगी।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।