बस स्टैंड रोड से हटवाई फल-सब्जी की रेहडिय़ां, आक्रोशित हुए रेहड़ी संचालक

नगर परिषद के खिलाफ की नारेबाजी, विधायक के निवास पहुंच रखी समस्या

हनुमानगढ़। (सच कहूँ न्यूज) नगर परिषद प्रशासन ने जंक्शन में शहीद भगतसिंह चौक से बस स्टैंड रोड पर फल-सब्जी की रेहड़ी लगाने वालों को मंगलवार सुबह यहां से हटा दिया। इससे रेहड़ी संचालकों में रोष फैल गया। उन्होंने मौके पर एकत्रित होकर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रेहडिय़ां हटाने की कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद रेहडिय़ां लगाने वाले एकत्रित होकर विधायक के निवास पर पहुंचे। उन्होंने विधायक पुत्र भूपेन्द्र चौधरी से मुलाकात कर समस्या का समाधान करवाने की गुहार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उन्हें रेहड़ी लगाने के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाई गई तो वे गुरुवार को हड़ताल पर रहेंगे।

यह भी पढ़ें:– इंटर कॉलेज टूर्नामेंट में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज की टीम विजेता

रेहड़ी संचालक यूनियन अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि वे जंक्शन में शहीद भगतसिंह चौक से बस स्टैंड रोड पर बने डिवाइडर के साथ पिछले काफी समय से फल-सब्जी की रेहडिय़ां लगाकर अपना व अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं। इस स्थान पर रेहड़ी लगाने से करीब 200-250 घर चलते हैं। सोमवार शाम को नगर परिषद कर्मचारी आए और कहा कि वे मंगलवार सुबह से यहां रेहडिय़ां न लगाएं। मंगलवार सुबह नगर परिषद कर्मचारी फिर आए और यह कहकर बस स्टैंड रोड पर लगी रेहडिय़ां हटवा दी कि उन्हें अन्यत्र जगह स्थानांतरित किया जाएगा। लेकिन वे बस स्टैंड रोड की बजाए अन्यत्र जगह पर रेहडिय़ां नहीं लगाएंगे। अन्यथा टैक्सी स्टैंड के पीछे खाली पड़ी जगह पर रेहडिय़ां लगाने दी जाएं। उन्होंने कहा कि कई माह तक तो उन्हें रेहड़ी लगाने के लिए नहीं रोका जाता।

बीच-बीच में कभी यातायात पुलिस तो कभी नगर परिषद प्रशासन की ओर से उन्हें रेहडिय़ां न लगाने की बात कह नाजायज परेशान किया जाता है। इस कारण वे परेशान हैं। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन पर तानाशाह राज का आरोप लगाते हुए कि शहर में गरीबों के घरों पर जेसीबी चलाकर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। उनके सिर से छत छीनी जा रही है। इसको लेकर जनता में भारी आक्रोश है। आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि वे अपने पेट के लिए लड़ रहे हैं। अगर वे रेहड़ी नहीं लगाएंगे तो उनके परिवार का कैसे गुजारा होगा। इसलिए उनकी मांग है कि उन्हें बस स्टैंड रोड पर रेहड़ी लगाने से न रोका जाए। इस मौके पर मोहनलाल, खेतपाल, इमीलाल, कृष्णलाल, लीलूराम, सतपाल, महेन्द्र कुमार, श्रवणराम, दयाराम सहित कई अन्य रेहड़ी संचालक मौजूद थे।

करवाएंगे वैकल्पिक व्यवस्था

विधायक पुत्र भूपेन्द्र चौधरी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से शहर का सौंदर्यकरण किया जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद की ओर से रेहड़ी लगाने वालों को बस स्टैंड रोड से हटाया गया है। इस जगह रेहडिय़ां लगने से आवागमन भी बाधित होता है। इनके लिए टैक्सी स्टैंड के पीछे खाली पड़े कटले की जगह पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में नगर परिषद सभापति से बात कर समस्या का स्थाई समाधान करवाया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।