दिवाली से पहले सोना 31 हजारी, चाँदी में टिकाव

Gold, Costly, Diwali, Silver

नई दिल्ली (एजेंसी)। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों कीमती धातुओं में गिरावट के बीच सुस्त गत दिवस की गिरावट से उबरते हुए दिल्ली सर्राफा बाजार सोना 290 रुपए चमककर 31,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

औद्योगिक मांग सामान्य रहने से चांदी भी गत दिवस के 41,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर टिकी रही। धनतेरस के दिन मंगलवार को सोने-चाँदी में गिरावट रही थी। चाँदी पिछले दो दिन से लुढ़क रही थी। कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस के दिन बाजार में अपेक्षाकृत मांग नहीं आई लेकिन चांदी गत दिवस के भाव पर टिकने में कामयाब रही। सिक्कों की भी माँग नहीं आने से इनमें टिकाव देखा गया।

कारोबारियों ने बताया कि धनतेरस के दिन सोने की कीमतों में रही गिरावट से जेवराती खरीद में हल्का सुधार हुआ है जिससे पीली धातु की चमक बढ़ी है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 3.80 डॉलर फिसलकर 1,281.55 डॉलर प्रति औंस रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 1.2 डॉलर की गिरावट में 1,285.00 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

चाँदी हाजिर 0.06 डॉलर टूटकर 16.95 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत रहने से पीली धातु पर दबाव बढ़ा है। कम भाव पर जेवराती खरीद बढ़ने से स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 290 रुपए की बढ़त में 31,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में 30,850 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपए पर स्थिर रही। चाँदी हाजिर 41 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर टिकी रही। भविष्य में इसकी कीमतों में गिरावट आने की आशंका में चाँदी वायदा 130 रुपए का गोता लगाती हुई 39,860 रुपए प्रति किलोग्राम रह गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में) इस प्रकार रहे:-

  • सोना स्टैंडर्ड प्रति दस ग्राम : 31,000
  • सोना बिटुर प्रति दस ग्राम : 30,850
  • चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,000
  • चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,860
  • सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
  • सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :75,000
  • गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,700

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।