‘गठबंधन का चेहरा बने राहुल’

Congrees committe meeting

गठबंधन कर कांग्रेस लड़ेंगी 2019 का चुनाव

नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस की नवगठित सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था ने आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति पर गहन विचार मंथन में स्वीकार किया कि केन्द्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को पराजित करने के लिए व्यापक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) -3 अपरिहार्य है लेकिन यह सुनिश्चित करना होगा कि गठबंधन में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरे और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ही उसके नेता रहें।
गांधी की अध्यक्षता में संसदीय सौध में रविवार को आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में दोपहर के भोजन के पहले करीब दो घंटे तक आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति पर गहन विचार विमर्श किया गया। सूत्रों ने केरल को लेकर सवाल पूछे जाने पर बताया कि बैठक में सभी ने माना कि 2019 में एक व्यापक गठबंधन आवश्यक एवं अपरिहार्य होगा क्योंकि इसके बिना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार को सत्ता से बेदखल करना मुश्किल होगा।
कांग्रेस अधिक सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनें सूत्रों के अनुसार पी. चिदंबरम ने गठबंधन की अपरिहार्यता को लेकर ये विचार रखे जिसका पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अनुमोदन किया। सूत्रों ने अनुसार कांग्रेस नेताओं ने गठबंधन के बारे में कहा कि यह इस प्रकार से किया जाना चाहिए कि कांग्रेस अधिक से अधिक सीटें जीत कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरे और कांग्रेस अध्यक्ष गांधी ही गठबंधन का प्रमुख चेहरा हों। उन्होंने इसके लिए विभिन्न क्षेत्रीय दलों से बातचीत करके गठबंधन को तैयार करने का काम जल्द से जल्द शुरू करने पर भी बल दिया।
दोपहर के भोजन के बाद समसामयिक राजनीति एवं कांग्रेस के समक्ष चुनौतियों और देश भर में पार्टी का संगठन को मजबूत करने तथा विपक्षी दलों को मजबूत नेतृत्व देने के बारे में चर्चा होने की उम्मीद है। पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी के 2020 तक के रोडमैप, किसानों, बेरोजगारों, दलितों आदिवासियों के मुद्दों के साथ साथ देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा को लेकर भी विचार विमर्श होगा।

महत्वाकांक्षा छोड़ एकजुट हों विपक्षी दल: सोनिया

-देश भर में पार्टी संगठन को मजबूत करने की तैयारी

-क्षेत्रीय दलों से गठबंधन पर जल्द हो काम

-कांग्रेस का 2019 पर मंथन: 300 सीटों की बनाई रणनीति

कांग्रेस कर सकती है अपने दम पर सीटें तिगुनी

सूत्रों के मुताबिक चिदम्बरम ने प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बारह राज्यों में कांग्रेस अपने दम पर सीटें तिगुनी कर सकती है। चिदम्बरम ने कहा कि करीब 300 सीटों पर कांग्रेस मजबूत है वहीं 250 सीटों पर क्षेत्रीय दल। कांग्रेस 300 में से 140 से 150 सीटें जीतने की स्थिति में है। वहीं बहुमत का आंकड़ा सहयोगियों के सहारे छू सकती है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।