भगवंत मान सरकार ने केवल 18 महीनों में नौजवानों को 37100 सरकारी नौकरियाँ दी

Bhagwant Mann
भगवंत मान सरकार ने केवल 18 महीनों में नौजवानों को 37100 सरकारी नौकरियाँ दी

नौजवानों को राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में बराबर हिस्सेदार बनाकर नई क्रांति का आधार बाँधा | Bhagwant Mann

  • मेरिट और पारदर्शिता के साथ भर्ती होने के कारण विदेशों से नौजवानों की वतन वापसी का दौर शुरु
  • नौजवानों को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए सहयोग देने का आह्वान

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) ने राज्य के नौजवानों को नौकरियाँ देने की गारंटी पूरी करने के सफर को जारी रखते हुए अपनी सरकार के केवल 18 महीनों के कार्यकाल में 37100 सरकारी नौकरियाँ दी हैं। आज यहाँ म्यूनिसिपल भवन में गृह मामले, ट्रांसपोर्ट और राजस्व विभागों के नए भर्ती हुए 304 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए करवाए गए समागम के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शुरुआत में पहले नवरात्रे के पवित्र अवसर की लोगों को बधाई दी। नए भर्ती हुए नौजवानों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि नौजवान अब औपचारिक रुप से राज्य सरकार के परिवार के सदस्य बन गए हैं। भगवंत सिंह मान ने इस विलक्षण उपलब्धि के लिए इन उम्मीदवारों को शुभकामनाएँ दीं, क्योंकि वह सख़्त प्रतियोगी परीक्षाएं पास करके कामयाब हुए हैं।

मुख्यमंत्री (Bhagwant Mann) ने स्पष्ट रुप से कहा कि राज्य सरकार पुलिस को वैज्ञानिक राह पर आधुनिक बनाने के लिए वचनबद्ध है और इसके लिए फंडों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने अमन-कानून को कायम रखने के अपने प्राथमिक कर्तव्य को निभाने के साथ-साथ हमेशा ही देश और लोगों के हितों की रक्षा की है। भगवंत मान ने कहा कि बदलते हालात में फोर्स के लिए चुनौतियाँ कई गुना बढ़ गई हैं, जिस कारण इनका प्रभावशाली ढंग से मुकाबला करने के लिए आधुनिकीकरण होना समय की जरुरत है।

मुख्यमंत्री  (Bhagwant Mann) ने आगे कहा कि एक ओर राज्य में सडृक हादसों के कारण होने वाली मौतों की दर पर रोक लगाने और दूसरी ओर राज्य की सडकों पर यातायात को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अपनी किस्म की यह पहली विशेष फोर्स पंजाब में रोजाना के हो रहे सडक हादसों में जा रही कई कीमती जानों को बचाने के लिए एक अहम भूमिका निभाएगी और इस फोर्स को अंधाधुन्ध ड्राइविंग करने को रोकने और सडकों पर वाहनों के यातायात को सुचारु बनाने और अन्य सडक हादसों की रोकथाम का काम सौंपा जाएगा।

भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) ने कहा कि शुरुआती तौर पर अति-आधुनिक यंत्रों से लैस 144 वाहन हर 30 किलोमीटर के बाद सड़कों पर तैनात किए जाएंगे और इन वाहनों में किसी भी जरुरतमंद व्यक्ति को इमरजैंसी इलाज मुहैया करवाने के लिए मेडिकल किट भी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको यह ऐलान करते हुए बहुत गर्व और संतुष्टि हो रही है कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के साथ लगने वाले कच्चे शब्द को खत्म करके सभी कानूनी और प्रशासनिक अड़चने पार करते हुए 12710 अध्यापकों की सेवाओं को रेगुलर किया। इस मौके पर राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा, ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, डी.जी.पी. गौरव यादव, वित्त कमिश्नर ( राजस्व) के.ए.पी. सिन्हा, सचिव गृह गुरकीरत किरपाल सिंह, सचिव ट्रांसपोर्ट दिलराज सिंह संधावालिया और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:– दम्पत्ति ने युवकों को नशा बेचने से रोका तो किया घायल