आंधी-तूफान से यूपी में 26 की मौत, मुंबई में बारिश ने ली 2 की जान

26 Killed, UP, Storm, Rains, Mumbai

नई दिल्ली/मुंबई (एजेंसी)।

उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में आंधी तूफान के कारण 26 लोगों की मौत हो गई। वहीं इसमें 4 जानवरों की भी मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने का निर्देश दिया है।

वहीं शनिवार को मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई जिसके कारण मायानगरी की रफ्तार थम गई। शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया. मुंबई से सटे ठाणे में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम दो लोग मारे गए हैं। 66 वर्षीय मछुआरे स्टीनी अदमानी की मौत बिजली गिरने के कारण हुई, तो वहीं 6 लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सड़क हादसे में एक महिला की भी मौत हो गई है।

दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान के साथ बारिश

दिल्ली-NCR में लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल गई। राष्ट्रीय राजधानी में और आसपास के इलाकों में आज तेज आंधी-तूफ़ान के साथ बारिश हुई. आंधी और बारिश के कारण 27 उड़ानों के रास्ते बदले गए। राजधानी में 72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई।

दिल्ली -एनसीआर में शाम के वक्त ही अंधेरा छा गया था। कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम भी लग गया. आंधी-तूफ़ान और हल्की बारिश की वजह से दिल्ली और आस-पास के इलाकों में लोगों को शनिवार को तपती गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। इससे पहले मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे में दिल्ली और एनसीआर में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की आशंका जताई थी। इस वक्त देश के कुछ इलाकों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है।

मुंबई में बारिश से जनजीवन प्रभावित

मुंबई में बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. बारिश की वजह से कई फ्लाइट्स भी देर हुई हैं। कोलाबा में 8.30 बजे तक 38.2 मिमी और सांताक्रुज़ में 37 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई में नौसेना के कर्मियों और बाढ़ बचाव दल तैनात किए गए हैं किसी भी हालात से निपटने के लिए संबंधित विभागों को एडवाइजरी जारी की गई है ताकि तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। इसके अलावा कर्नाटक, गोवा और दक्षिणी महाराष्ट्र में 10 जून तक भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में हाई अलर्ट

उत्तराखंड में पौरी और हरिद्वार में भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तराखंड की पहाड़ियों के साथ कई जिलों में भारी बारिश की शुरुआत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में खासतौर से उत्तराखंड में मौसम अच्छा हो जाएगा। बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।