16 का होते ही उजड़ गई मां की गोद

16 Years, Mother's, Lapse

यमुनानगर (सच कहूँ न्यूज)।।

यमुना नदी में डूबने से 16 वर्षीय जतिन और 18 वर्षीय निशांत की मौत हो गई। जतिन घर का अकेला था। नया गांव के महेंद्र कांबोज के घर में शादी के 16 साल बाद जतिन का जन्म हुआ था। बेटा 16 साल का अभी हुआ ही था कि मां की गोद फिर सूनी हो गई। मां-बाप बेटे की मौत से इतने टूट गए कि दोनों में से कोई भी पोस्टमार्टम हाउस में नहीं पहुंचा।

पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। संतान के लिए उन्होंने सैकड़ों मंदिरों में जाकर सजदा किया था। जतिन के साथ नहर में डूबे निशांत का गमगीन माहौल में एक साथ संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। 18 वर्षीय निशांत के पिता रामकुमार खेती करते हैं। उसका एक बड़ा भाई रोहित है, जो बीकॉम कर रहा है। निशांत ने 12वीं कक्षा मेडिकल से पास की थी।

अब वह फॉरेंसिक साइंस करना चाहता था। इसके लिए उसने 15 दिन पहले चंडीगढ़ में एंट्रेंस टेस्ट दिया था। उसने करनाल के मुकंद लाल नेशनल कॉलेज को चुना था। मंगलवार को उसे दाखिला लेने के लिए करनाल जाना था।

निशांत, जतिन व दीपांशु घर पर बिना बताए ही नहाने के लिए यमुना नदी पर गए थे। निशांत के पिता रामकुमार ने बताया कि उसके सामने वो कभी नहाने के लिए यमुना नदी की तरफ नहीं गया। ग्रामीणों ने बताया कि जहां पर दोनों डूबे, वो जगह गांव से चार किलोमीटर दूर है। वहां तक जाना इतना आसान भी नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि वहां बाइक पर तो क्या, पैदल जाना भी मुश्किल है।

ऐसे में तीनों एक बाइक पर नदी तक कैसे पहुंचे। बाइक नदी से केवल दो एकड़ दूर खड़ी मिली। दीपांशु ने जब घर पर हादसे की सूचना दी तो उसे जगह की ठीक से जानकारी नहीं थी, इसलिए कुछ लोग फतेहपुर पुल की तरफ उन्हें तलाशने के लिए पहुंच गए, कुछ बूड़िया में पहुंच गए।

जब कुछ लोगों ने बाकरपुर व क्रिकेट स्टेडियम का नाम सुना तो वे अंदाज से तलाश करते हुए बाकरपुर घाट पर पहुंचे। परिजनों ने निशांत व जतिन के मोबाइल पर संपर्क भी किया लेकिन दोनों बंद थे। हादसे के बाद दोनों के मोबाइल फोन घर से बरामद हुए।

12वीं का परीक्षा परिणाम आने के बाद निशांत चमरौड़ी में अपने मामा के घर चला गया था। पांच-छह दिन पहले ही वो वहां से अपने घर लौटा था। उसके लौटने के दो दिन बाद ही दीपांशु नया गांव में आया था। कयास तो ये भी लगाया जा रहा है कि सोमवार सुबह तीनों बाइक पर पहले बाकरपुर गांव के स्टेडियम में क्रिकेट खेलने गए और उसके बाद यमुना नदी में नहाने पहुंचे।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।